बैडमिंटन का महाकुंभ! ABL सीजन-3 के ऑक्शन में 77 खिलाड़ियों पर लगी बोली, अंतर्राष्ट्रीय सितारों संग स्थानीय प्रतिभाएं दिखाएंगी दम

बैडमिंटन का महाकुंभ! ABL सीजन-3 के ऑक्शन में 77 खिलाड़ियों पर लगी बोली, अंतर्राष्ट्रीय सितारों संग स्थानीय प्रतिभाएं दिखाएंगी दम

नारायणपुर पुलिस की खेल पहल को मिली नई उड़ान

अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग सीजन-3 का ऑक्शन संपन्न, छह टीमों में 77 खिलाड़ियों का चयन

अंतर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय खिलाड़ियों की मौजूदगी से बढ़ा लीग का रोमांच, 10 से 12 सितंबर तक होंगे मुख्य मुकाबले

नारायणपुर : पुलिस के आयोजन में अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग (एबीएल) सीजन-3 के प्रथम चरण के अंतर्गत खिलाड़ियों की ऑक्शन प्रक्रिया 01 सितंबर 2026 को डीआरजी ट्रेनिंग एरेना, नारायणपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। ऑक्शन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक नारायणपुर श्री संदीप पटेल सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय साबद्रा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री ऐश्वर्य चंद्राकर उपस्थित रहे।

ऑक्शन प्रक्रिया में लीग की कुल छह टीमों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों के चयन को लेकर टीम मालिकों, खिलाड़ियों एवं आयोजन समिति में खासा उत्साह देखने को मिला।

नारायणपुर पुलिस द्वारा क्षेत्र के युवाओं को खेलों से जोड़ने, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने एवं स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग सीजन-3 का आयोजन किया जा रहा है। लीग में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की भागीदारी इसे विशेष बना रही है।

इस सीजन की प्रमुख विशेषता मिश्रित युगल वर्ग है, जिसमें पुरुष एवं महिला खिलाड़ी एक साथ कोर्ट पर उतरेंगे। इससे महिला खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा तथा क्षेत्र की युवतियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहन मिलेगा।

छह टीमें, छह फ्रेंचाइजी मालिक

सीजन-3 में कुल छह टीमें हिस्सा ले रही हैं—

* गारपा जायंट्स — मालिक: लय जैन

* हांडावाड़ा रैकेटियर्स — मालिक: पवन सुराना एवं सतीश अग्रवाल

* तुलार टाइटन्स — मालिक: संजय नंदी

* कच्चापाल ब्लास्टर्स — मालिक: डॉ. अभिषेक बनर्जी

* कुतुल नाइट राइडर्स — मालिक: अभिजीत शील एवं डॉ. नवीन कोठारे

* जनता डिफेंडर्स — मालिक: अभिजीत साहा एवं संदीप नाथ

110 पंजीयन, 77 खिलाड़ियों का चयन

अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग के लिए कुल 110 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से ऑक्शन प्रक्रिया के माध्यम से 77 खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयनित खिलाड़ियों में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके तथा अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक हासिल करने वाले खिलाड़ी भी शामिल हैं।

ऑक्शन में रायपुर के अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष माखीजा सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। उनके अलावा एम.वी. अभिषेक, जसमीत सिंह, सुजय तांबोली एवं वेंकट गौरव भी ऑक्शन में सर्वाधिक बोली प्राप्त करने वाले प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल रहे।

10 से 12 सितंबर तक होंगे मुख्य मुकाबले

ऑक्शन प्रक्रिया के सफल आयोजन के बाद अब लीग के मुख्य मुकाबलों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग सीजन-3 के मुख्य मुकाबले 10, 11 एवं 12 सितंबर 2026 को रामकृष्ण मिशन आश्रम, नारायणपुर में आयोजित किए जाएंगे।

प्रतियोगिता में आकर्षक पुरस्कार राशि रखी गई है—

प्रथम पुरस्कार – ₹1,21,000

द्वितीय पुरस्कार – ₹85,000

तृतीय पुरस्कार – ₹59,000

नारायणपुर पुलिस की इस पहल का उद्देश्य अबूझमाड़ एवं नारायणपुर क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, स्थानीय प्रतिभाओं को बड़े मंच से जोड़ना तथा राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर उपलब्ध कराना है।

ऑक्शन के सफल आयोजन के बाद सभी छह टीमें आगामी मुकाबलों के लिए तैयार हैं। 10 से 12 सितंबर तक नारायणपुर में बैडमिंटन का रोमांच देखने को मिलेगा, जहां राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ क्षेत्र की स्थानीय प्रतिभाएं भी अपना दमखम दिखाएंगी।

Chhattisgarh