रेल हादसे टालने वाले 9 ‘सजग प्रहरी’ बने हीरो! महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने किया सम्मानित, किसी ने फ्रैक्चर तो किसी ने आग और वैगन की खामी पकड़ी

रेल हादसे टालने वाले 9 ‘सजग प्रहरी’ बने हीरो! महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने किया सम्मानित, किसी ने फ्रैक्चर तो किसी ने आग और वैगन की खामी पकड़ी

रेल संरक्षा के 09 सजग प्रहरियों को आज महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने किया सम्मानित

बिलासपुर : रेल परिचालन में संरक्षा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है । सजगता एवं बेहतर संरक्षा कार्य में सहभागिता निभाने वाले रेल संरक्षा के सजग प्रहरी कर्मचारियों का सम्मान महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के द्वारा हर माह आयोजित संरक्षा बैठक के दौरान किया जाता है । इसी कड़ी में आज दिनांक 25 अगस्त, 2026 को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में कार्यरत संरक्षा कोटि के 09 कर्मचारियो को उनके उत्कृष्ट एवं सराहनीय संरक्षा संबंधी कार्य निष्पादन के लिए महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश के द्वारा सम्मानित किया गया ।

इस अवसर पर सम्मानित किए गए कर्मचारियों के सराहनीय कार्य इस प्रकार हैं:-

लोको पायलट, गुड्स के पद पर कोरबा में पदस्थ कर्मचारी श्री धीरेंद्र कुमार द्विवेदी ने ड्यूटी पर जाते समय कोरबा यार्ड की लाइन नंबर-4 के पास रेल फ्रैक्चर की पहचान कर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित किया। समय पर कार्रवाई से ट्रैक को संरक्षित कर रेल परिचालन सुचारु रूप से सुनिश्चित किया गया।

स्टेशन मास्टर के पद पर उरगा में पदस्थ कर्मचारी श्री शशिकांत कुमार सिंह ने मालगाड़ी से ऑल राइट सिग्नल एक्सचेंज करते समय इंजन से 15वें वैगन में ब्रेक बाइंडिंग की पहचान कर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित किया। समय पर कार्रवाई से गाड़ी का संरक्षित संचालन सुनिश्चित किया गया।

लोको पायलट, गुड्स के पद पर शहडोल में पदस्थ कर्मचारी श्री अविनाश कुमार ने मालगाड़ी में जामगा स्टेशन की ओर जाते समय भारी झटका महसूस होने पर गाड़ी रोककर रेलवे ट्रैक का निरीक्षण किया। रेल सतह पर स्किड के निशान की पहचान कर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित किया। समय पर कार्रवाई से गाड़ी का संरक्षित संचालन सुनिश्चित किया गया।

तकनीशियन ग्रेड-1 के पद पर बिलासपुर में पदस्थ कर्मचारी श्री संतोष कुमार सिंह ने बिलासपुर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-3 से गुजर रही मालगाड़ी के रोलिंग-आउट निरीक्षण के दौरान 22वें वैगन की असामान्य स्थिति की पहचान कर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित किया। समय पर कार्रवाई से वैगन को संरक्षित रूप से रीरेल कर गाड़ी का पुनः संचालन सुनिश्चित किया गया।

ट्रैक मेंटेनर-II के पद पर तिल्दा में पदस्थ कर्मचारी श्री तुलाराम डहरिया ने ड्यूटी के दौरान एसईजे टंग रेल में फ्रैक्चर की पहचान कर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित किया। समय पर कार्रवाई से ट्रैक को संरक्षित कर रेल परिचालन सुचारु रूप से सुनिश्चित किया गया।

स्टेशन मास्टर के पद पर दाधापारा में पदस्थ कर्मचारी श्री मनोज कुमार रजक ने ड्यूटी के दौरान रिले/बैटरी कक्ष में अग्नि अलार्म सक्रिय होने पर तत्काल स्थिति का संज्ञान लेते हुए प्रभावी कार्रवाई की। उनकी तत्परता एवं सूझबूझ से समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर रेल परिसंपत्तियों की संरक्षा सुनिश्चित की गई।

वरिष्ठ तकनीशियन (यांत्रिक) के पद पर दुर्ग में पदस्थ कर्मचारी श्री भारत ने वंदे भारत ट्रेन संख्या 20829/30 के डेली शेड्यूल परीक्षण के दौरान पैंटोग्राफ कार्बन स्ट्रिप में बारीक दरार की पहचान कर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित किया। समय पर कार्रवाई से ट्रेन का संरक्षित संचालन सुनिश्चित किया गया।

कनिष्ठ अभियंता/रेलपथ के पद पर कन्हान में पदस्थ कर्मचारी श्री उदय कुमार ने टीडबल्यूएस/एसईजे नवीनीकरण कार्य की निगरानी के दौरान चाचेर स्टेशन से गुजर रही मालगाड़ी के एक वैगन के नीचे घिसटती एमएस बेस प्लेट की पहचान कर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित किया। समय पर कार्रवाई से बेस प्लेट को हटाकर गाड़ी का संरक्षित संचालन सुनिश्चित किया गया।

वरिष्ठ सहायक लोको पायलट के पद पर नागपुर में पदस्थ कर्मचारी श्री कुणाल तुलसीराम चितगीरे ने शिवनाथ एक्सप्रेस से ड्यूटी के दौरान समानांतर पटरी पर चल रही मालगाड़ी के एक वैगन की असामान्य स्थिति की पहचान कर तत्काल की-टॉकी के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को सूचित किया। समय पर कार्रवाई से संबंधित वैगन को अलग कर गाड़ी का संरक्षित संचालन सुनिश्चित किया गया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक ने कहा कि रेल परिचालन में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और कर्मचारियों की ऐसी सजगता एवं कर्तव्यनिष्ठा अन्य रेलकर्मियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने सभी को भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।

       संरक्षा कोटि के इन कर्मचारियों को सम्मानित किए जाने के अवसर पर प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी, प्रधान मुख्य इंजीनियर अन्य विभागाध्यक्ष सहित अधिकारीगण उपस्थित थे ।

Chhattisgarh