भेष बदल कर गांजे की तस्करी करते दो आरोपी RPF के हत्थे चढ़े
निगौरा स्टेशन पर 15.540 किलोग्राम गांजा जब्त, कीमत करीब 7.77 लाख रुपये
बिलासपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल में नशीले पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘नारकोस’ के तहत बड़ी कार्रवाई की गई। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री सौरव कुमार के नेतृत्व में गठित टास्क टीम ने निगौरा रेलवे स्टेशन पर भेष बदल कर गांजे की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से कुल 15.540 किलोग्राम गांजा (जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7.77 लाख रुपये है) बरामद किया गया।
दिनांक 24 अगस्त 2026 की रात करीब 1:15 बजे सहायक उप निरीक्षक अमरेंद्र सिंह के नेतृत्व में RPF टास्क टीम द्वारा निगौरा रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में संदिग्ध व्यक्तियों एवं सामान की जांच की जा रही थी। इसी दौरान भेष बदले हुए दो व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उन्हें रोककर पूछताछ की गई। उनके पास रखी कपड़ों की पोटलियों की तलाशी लेने पर बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान हंसा नाथ (40 वर्ष), निवासी जिला संगरूर, पंजाब तथा मनता नाथ उर्फ लंबू (39 वर्ष), निवासी जिला संगरूर, पंजाब के रूप में हुई। तलाशी के दौरान हंसा नाथ के कब्जे से 7.280 किलोग्राम तथा मनता नाथ के कब्जे से 8.260 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
RPF द्वारा दोनों आरोपियों को बरामद गांजे सहित पुलिस थाना जैतहरी के सुपुर्द किया गया। पुलिस द्वारा अपराध क्रमांक 285/2026, धारा 8/20(ख) NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम जांच की जा रही है।
वर्ष 2026 में 550 किलोग्राम से अधिक गांजा जब्त
नशीले पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध बिलासपुर मंडल RPF द्वारा वर्ष 2026 में लगातार सघन एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। अब तक की कार्रवाई में कुल लगभग 550 किलोग्राम गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी अनुमानित कीमत 3 करोड़ रुपये से अधिक है। RPF की सतर्कता, लगातार निगरानी और विशेष अभियानों के माध्यम से रेलवे परिसर एवं ट्रेनों में नशीले पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने का प्रयास निरंतर जारी है।


