मालवाहक वाहन चालकों पर ट्रैफिक पुलिस का शिकंजा! तेलघानी नाका क्षेत्र में नो-एंट्री तोड़ने वालों पर 472 से ज्यादा ई-चालान, 21 अगस्त को ही 150 पर कार्रवाई

मालवाहक वाहन चालकों पर ट्रैफिक पुलिस का शिकंजा! तेलघानी नाका क्षेत्र में नो-एंट्री तोड़ने वालों पर 472 से ज्यादा ई-चालान, 21 अगस्त को ही 150 पर कार्रवाई

तेलघानी नाका क्षेत्र में प्रतिबंधित समय में मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर सख्ती, अब तक 472 से अधिक ई-चालान

18 अगस्त 2026 से जारी विशेष अभियान में अब तक 472 से अधिक मालवाहक वाहनों पर ई-चालान की कार्यवाही।

21 अगस्त को ही 150 मालवाहक वाहनों के विरुद्ध 179 MV Act के तहत इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से ई-चालान की कार्यवाही।

डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में नोएंट्री एवं प्रतिबंधित मार्गों पर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही।

रायपुर :  शहर में सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा प्रतिबंधित समय में नो-एंट्री एवं प्रतिबंधित मार्गों पर प्रवेश करने वाले मालवाहक वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। दिनांक 18 अगस्त 2026 से प्रारंभ अभियान के तहत अब तक 472 से अधिक मालवाहक वाहनों पर ई-चालान की कार्यवाही की जा चुकी है।

इसी क्रम में 21 अगस्त 2026 को शाम 05:00 बजे से 07:00 बजे तक तेलघानी नाका चौक एवं रामनगर अंडरब्रिज क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अग्रसेन चौक, भैंसथान, राठौर चौक, गुरुनानक चौक एवं संजय गांधी चौक की ओर से प्रतिबंधित समय में प्रवेश करने वाले हल्के एवं मध्यम मालवाहक वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान कुल 150 मालवाहक वाहनों के विरुद्ध 179 MV Act के तहत ई-चालान की कार्यवाही की गई तथा चालान के उपरांत वाहनों को आंतरिक मार्गों से वापस लौटाया गया।

यह कार्यवाही डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन एवं एसीपी ट्रैफिक श्रीमती स्नेहिल साहू के नेतृत्व में निरीक्षक अम्बरीश शर्मा थाना प्रभारी यातायात फाफाडीह द्वारा गठित टीम के माध्यम से की गई।

प्रतिबंधित मार्ग एवं समय

शाम 05:00 बजे से 07:00 बजे तक हल्के मालवाहक वाहन जैसे पिकअप, टाटा एस, ऑटो ट्रेलर एवं अन्य हल्के मालवाहक वाहनों का तेलघानी नाका एवं स्टेशन क्षेत्र के निर्धारित मार्गों पर प्रवेश प्रतिबंधित है। इनमें अग्रसेन चौक–भैंसथान मार्ग–तेलघानी चौक, राठौर चौक–तेलघानी चौक, फाफाडीह चौक–स्टेशन चौक–तेलघानी चौक, चुना भट्टी–गुढ़ियारी अंडरब्रिज–नर्मदा पारा–स्टेशन चौक, कर्मा चौक रामनगर–रामनगर ब्रिज/अंडरब्रिज–तेलघानी नाका चौक तथा नाहरपारा–संजय गांधी चौक–स्टेशन गुरुद्वारा मार्ग शामिल हैं।

यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने सभी मालवाहक वाहन चालकों एवं ट्रांसपोर्टरों से अपील की है कि निर्धारित नो-एंट्री समय एवं प्रतिबंधित मार्गों का अनिवार्य रूप से पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त एवं वैधानिक कार्यवाही जारी रहेगी।

Crime