दृष्टिबाधा को बनाया ताकत, शिक्षा के सपनों को मिली उड़ान
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने छात्रा जयमंती खेस को भेंट किया लैपटॉप
जशपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज ग्राम बगिया स्थित अपने निज निवास में कुनकुरी विकासखंड के ग्राम गोरिया निवासी कॉलेज छात्रा जयमंती खेस को लैपटॉप प्रदान कर उसकी उच्च शिक्षा की राह को आसान बनाया। शत-प्रतिशत दृष्टिबाधित जयमंती वर्तमान में डिग्री गर्ल्स कॉलेज, रायपुर में बीए अंतिम वर्ष में अध्ययनरत हैं। लैपटॉप मिलने से उन्हें अध्ययन सामग्री तक पहुंच बनाने और पढ़ाई को अधिक सुगम तरीके से जारी रखने में मदद मिलेगी। कलेक्टर जनदर्शन में छात्रा जयमंती ने अपनी पढ़ाई में सहायता के लिए लैपटॉप उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। छात्रा की आवश्यकता और शिक्षा के प्रति उसकी लगन को देखते हुए कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसी क्रम में विभाग द्वारा अत्याधुनिक सॉफ्टवेयर द्वारा तैयार कराए गए लैपटॉप को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने छात्रा को अपने हाथों से प्रदान किया। लैपटॉप मिलने पर छात्रा जयमंती खेस ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए खुशी जताई। उन्होंने कहा कि लैपटॉप उनकी पढ़ाई के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा और इससे अध्ययन सामग्री तक उनकी पहुंच आसान होगी।
“आगे क्या बनना चाहती हो?” मुख्यमंत्री के सवाल पर जयमंती ने कहा- “शिक्षक बनना चाहती हूं” –
लैपटॉप प्रदान करने के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने छात्रा से आत्मीयता से बातचीत करते हुए पूछा कि “तुम आगे क्या बनना चाहती हो?” इस पर जयमंती ने बताया कि वह पढ़ाई पूरी कर शिक्षक बनना चाहती हैं। छात्रा की इच्छा सुनकर मुख्यमंत्री श्री साय ने उनका उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि “शिक्षक राष्ट्र निर्माता होते हैं।” उन्होंने छात्रा को अपने लक्ष्य के लिए निरंतर मेहनत करने तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं एवं बधाई दी। मुख्यमंत्री ने छात्रा को पूरी लगन और मेहनत से पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकते हैं और दिव्यांग विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
टॉकबैक सॉफ्टवेयर से पढ़ाई होगी और आसान-
समाज कल्याण विभाग के अधिकारी ने बताया कि छात्रा की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए उपलब्ध कराए गए लैपटॉप में टॉकबैक सॉफ्टवेयर इंस्टॉल किया गया है। यह सॉफ्टवेयर स्क्रीन पर दिखाई देने वाली सामग्री को आवाज के माध्यम से समझने में दृष्टिबाधित व्यक्ति की मदद करता है। इससे जयमंती लैपटॉप पर अध्ययन सामग्री को सुनकर पढ़ाई कर सकेंगी तथा शैक्षणिक कार्यों में डिजिटल तकनीक का बेहतर उपयोग कर पाएंगी।


