जहां कभी गूंजती थी नक्सलियों की दहशत, वहां पहली बार गूंजा राष्ट्रगान! बोटेर में लहराया तिरंगा, ग्रामीणों के बीच पुलिस ने शुरू किया साइबर सुरक्षा का महाअभियान

जहां कभी गूंजती थी नक्सलियों की दहशत, वहां पहली बार गूंजा राष्ट्रगान! बोटेर में लहराया तिरंगा, ग्रामीणों के बीच पुलिस ने शुरू किया साइबर सुरक्षा का महाअभियान

स्वतंत्रता दिवस पर बोटेर में पहली बार लहराया तिरंगा, ग्रामीणों के बीच ‘साइबर जागृति अभियान’ का शुभारंभ

नारायणपुर : स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त के अवसर पर नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बोटेर में एक ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण क्षण देखने को मिला, जब यहां पहली बार राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया। कभी नक्सल संगठन के शीर्ष नेताओं का आश्रय स्थल रहे इस क्षेत्र में तिरंगे का शान से लहराना अबूझमाड़ में शांति, विश्वास और बदलते परिवेश का प्रतीक बना।

इसी अवसर पर थाना ओरछा पुलिस द्वारा ग्राम बोटेर–गुंडेकोट के ग्रामीणों के बीच छत्तीसगढ़ पुलिस के प्रदेशव्यापी ‘साइबर जागृति अभियान’ का शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल के मार्गदर्शन में पुलिस टीम द्वारा ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर अभियान के उद्देश्य एवं साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

पुलिस द्वारा ग्रामीणों को वर्तमान समय में होने वाले विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों के संबंध में जागरूक किया गया। OTP, UPI PIN, ATM/डेबिट कार्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने, फर्जी KYC अपडेट, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश, नौकरी एवं अन्य प्रकार की साइबर ठगी से सतर्क रहने के संबंध में आवश्यक सावधानियां बताई गईं।

ग्रामीणों को यह भी बताया गया कि साइबर ठगी होने की स्थिति में घबराएं नहीं तथा तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं, ताकि ठगी की राशि को रोकने एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए समय रहते प्रयास किया जा सके।

‘साइबर जागृति अभियान’ का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक साइबर सुरक्षा की जानकारी पहुंचाना तथा समाज के सभी वर्गों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक एवं सतर्क बनाना है। नारायणपुर पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल के मार्गदर्शन में अबूझमाड़ के दुर्गम एवं दूरस्थ क्षेत्रों में भी ग्रामीणों तक पहुंचकर साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया जा रहा है।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बोटेर में पहली बार तिरंगा फहराया जाना और उसी अवसर पर ग्रामीणों के बीच ‘साइबर जागृति अभियान’ का शुभारंभ किया जाना अबूझमाड़ में बदलते परिवेश, बढ़ते विश्वास और जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

नारायणपुर पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे स्वयं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।

Chhattisgarh