मैनी नदी से श्री फलेश्वर नाथ मंदिर तक आस्था का महासंगम ! भव्य कलश यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, सम्मिलित हुईं श्रीमती कौशल्या साय, 17 से शुरू होगा 1 लाख 11 हजार 111 पार्थिव शिवलिंगों का महाअनुष्ठान.

मैनी नदी से श्री फलेश्वर नाथ मंदिर तक आस्था का महासंगम ! भव्य कलश यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, सम्मिलित हुईं श्रीमती कौशल्या साय, 17 से शुरू होगा 1 लाख 11 हजार 111 पार्थिव शिवलिंगों का महाअनुष्ठान.

पवित्र श्रावण मास के अवसर पर बगिया स्थित मैनी नदी तट के प्रसिद्ध श्री फलेश्वर नाथ महादेव मंदिर में 1 लाख 11 हजार 111 पार्थिव शिवलिंग पूजन के तीन दिवसीय भव्य धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ भक्तिमय वातावरण में हुआ। रविवार की शाम 5:00 बजे मैनी नदी तट से श्री फलेश्वर नाथ महादेव मंदिर तक भव्य कलश-यात्रा निकाली गई, जिसमें मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय विशेष रूप से शामिल हुईं। कलश-यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं एवं शिव भक्त शामिल हुए। भक्तिमय जयघोष और धार्मिक उत्साह के बीच कलश-यात्रा मैनी नदी से प्रारंभ होकर श्री फलेश्वर नाथ महादेव मंदिर पहुंची। इस दौरान पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। मंदिर पहुंचने के बाद विधि-विधान से धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ किया गया।

श्री फलेश्वर नाथ महादेव मंदिर में 17 से 19 अगस्त तक 1 लाख 11 हजार 111 पार्थिव शिवलिंग निर्माण, पूजन एवं अभिषेक का विशेष आयोजन किया जा रहा है। तीन दिनों तक मंदिर परिसर में भगवान भोलेनाथ की आराधना, अभिषेक, आरती, पूर्णाहुति एवं प्रसाद वितरण सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।

17 अगस्त को पार्थिव शिवलिंग निर्माण, पूजन एवं अभिषेक के साथ आरती और प्रसाद वितरण होगा। 18 अगस्त को भी पार्थिव शिवलिंग निर्माण, पूजन एवं अभिषेक के बाद आरती एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा। वहीं 19 अगस्त को आयोजन के अंतिम दिवस विशेष पूजन के साथ पूर्णाहुति संपन्न होगी।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने क्षेत्रवासियों एवं शिव भक्तों से इस पावन धार्मिक आयोजन में सपरिवार सम्मिलित होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना और भक्ति का पवित्र अवसर है। श्री फलेश्वर नाथ महादेव मंदिर में आयोजित इस विशाल पार्थिव शिवलिंग पूजन में सभी श्रद्धालु सपरिवार सम्मिलित होकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें। उन्होंने क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए भगवान शिव से प्रार्थना करने तथा धार्मिक आयोजन में सहभागी बनकर पुण्य के भागी बनने का आह्वान किया।

भव्य कलश-यात्रा के साथ ही श्री फलेश्वर नाथ महादेव मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय हो गया। मैनी नदी तट से मंदिर तक निकली कलश-यात्रा ने पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक और धार्मिक वातावरण बना दिया। 1 लाख 11 हजार 111 पार्थिव शिवलिंगों के पूजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।

Jashpur