नशे के कारोबारियों पर सूरजपुर पुलिस का एक और बड़ा प्रहार, 2 लाख 50 हजार कीमत का गांजा जप्त, एक व्यक्ति गिरफ्तार.
सूरजपुर : सूरजपुर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम पोड़ी में घेराबंदी कर बिना नंबर की मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 4 किलो 900 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने जिले के थाना-चौकी प्रभारियों को नशे के धंधे में लिप्त लोगों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद से ही जिले की पुलिस नशीले पदार्थ के गोरख धंधे पर सतत् निगाह बनाए हुए है और लगातार कार्यवाही करने में लगी हुई है। इसी तारतम्य में दिनांक 15.08.2026 को थाना सूरजपुर पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली थी कि केतका की ओर से एक व्यक्ति बिना नंबर की मोटर सायकल में गांजा बिक्री करने सपकरा की ओर जा रहा है।
प्राप्त सूचना पर थाना सूरजपुर पुलिस के द्वारा ग्राम पोड़ी में घेराबंदी कर मोटर सायकल सहित अतिउल्ला खान पिता स्व. नबीउल्ला खान उम्र 31 वर्ष निवासी साहूपारा थाना सूरजपुर को पकड़ा। जिसके कब्जे से 4 किलो 900 ग्राम गांजा, कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रूपये का जप्त किया गया। मामले में परिवहन में प्रयुक्त मोटर सायकल व गांजा जप्त कर धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
इस प्रकरण की कार्यवाही में थाना प्रभारी सूरजपुर अलरिक लकड़ा, एसआई लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता, सहायक उपनिरीक्षक मनोज पोर्ते, प्रधान आरक्षक हितेश्वर राजवाड़े, आरक्षक जितेन्द्र पटेल व आरक्षक रविराज पाण्डेय सक्रिय रहे।


