रायपुर : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, रायपुर के निर्देशों के पालन में तथा पुलिस उपायुक्त, पश्चिम रोबिनसन गुड़िया, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, पश्चिम राहुल देव शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त, न्यू राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में रायपुर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना टिकरापारा पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।
घटना का संक्षिप्त विवरण : दिनांक 15.08.2026 को थाना टिकरापारा पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स के पीछे, भाठागांव बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ गांजा की बिक्री हेतु ग्राहक की तलाश कर रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक श्री राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन कर तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।
पुलिस कार्रवाई एवं बरामदगी : पुलिस टीम द्वारा बताये गए स्थान पर घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 20.94 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजे की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग ₹10,00,000 आंकी गई है।
पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति की पहचान एक अपचारी बालक, उम्र 16 वर्ष 05 माह, निवासी गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई।
वैधानिक कार्रवाई : उक्त अपचारी बालक के विरुद्ध थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 762/2026 धारा 20(B) NDPS अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर अपचारी बालक को माननीय बाल न्यायालय, रायपुर के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। प्रकरण में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की पतासाजी की जा रही है।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की यह कार्रवाई समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त रखने एवं युवा पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस द्वारा भविष्य में भी नशे के सौदागरों के विरुद्ध इसी प्रकार कठोर एवं निरंतर कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
जप्त सामग्री : अवैध गांजा – 20.94 किलोग्राम, कीमत ₹10,00,000
इस सफल कार्रवाई में थाना टिकरापारा पुलिस टीम की तत्परता एवं सूझबूझ सराहनीय रही।
रायपुर पुलिस आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल डायल-112 या नजदीकी थाना में सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा।


