तकनीकी साक्ष्य एवं जीपीएस (GPS) लोकेशन के आधार पर पुलिस ने ट्रक का पीछा कर आरोपी चोर को किया गिरफ्तार.
चोरी की सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस टीम गठित कर की गई प्रभावी कार्रवाई.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई में महज 02 घंटे के भीतर ₹50 लाख कीमत का 16 चक्का ट्रक बरामद.
रायपुर : रायपुर में चोरी की वारदात सामने आते ही पुलिस ने ऐसी तेजी दिखाई कि महज दो घंटे में करीब 50 लाख रुपये कीमत का 16 चक्का ट्रक बरामद कर लिया गया। टाटीबंध क्षेत्र से ट्रक चोरी होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और GPS लोकेशन तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोर का पीछा शुरू किया। लगातार निगरानी और समन्वित कार्रवाई के बाद पुलिस ने चोरी गया ट्रक बरामद करने के साथ आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। त्वरित कार्रवाई ने पुलिस की तकनीकी दक्षता और तत्परता को उजागर किया।
श्री रॉबिनसन गुड़िया, पुलिस उपायुक्त पश्चिम रायपुर, श्री राहुल देव शर्मा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम रायपुर एवं श्री देवांश सिंह राठौर, सहायक पुलिस आयुक्त पुरानी बस्ती के सतत मार्गदर्शन एवं निर्देशन में पुलिस द्वारा चोरी की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
दिनांक 14/08/26 को प्रार्थी द्वारा सूचना दी गई कि वह 16 चक्का ट्रक क्रमांक CG-21-J-9580 लेकर टाटीबंध क्षेत्र में रुका हुआ था। इसी दौरान शौचालय जाने के लिए ट्रक को खड़ा कर कुछ समय के लिए दूर गया। वापस लौटने पर ट्रक मौके से गायब मिला। चोरी गए ट्रक की अनुमानित कीमत लगभग ₹50 लाख बताई गई। जिस पर थाना आमानाका में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया l
घटना की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस द्वारा बिना विलंब तत्काल टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने ट्रक में लगे GPS की लोकेशन एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ट्रक का लगातार पीछा किया तथा संभावित मार्गों पर प्रभावी कार्रवाई की।
पुलिस की त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई के परिणामस्वरूप महज 02 घंटे के भीतर चोरी गए 16 चक्का ट्रक को बरामद कर लिया गया। साथ ही घटना में संलिप्त आरोपी चोर को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस की तत्परता से लगभग ₹50 लाख कीमत के चोरी गए वाहन की त्वरित बरामदगी के साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई। प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई एवं विवेचना जारी है।


