जशपुर के 440 जनजातीय गांवों में खुला समाधान का रास्ता! आदि सेवा केन्द्रों में 15 अगस्त तक जन सुनवाई, शिकायतों से लेकर सरकारी योजनाओं तक एक ही जगह मिलेगा समाधान

जशपुर के 440 जनजातीय गांवों में खुला समाधान का रास्ता! आदि सेवा केन्द्रों में 15 अगस्त तक जन सुनवाई, शिकायतों से लेकर सरकारी योजनाओं तक एक ही जगह मिलेगा समाधान

जशपुर : जनजातीय क्षेत्रों में शासन की योजनाओं एवं सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने के उद्देश्य से जशपुर जिले में आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत संचालित आदि सेवा केन्द्रों में 13 से 15 अगस्त 2026 तक जन सुनवाई यानी जन शिकायत निवारण एवं लाभार्थी संतुष्टि शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों को शिविरों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जशपुर जिले में आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत 440 जनजातीय बाहुल्य ग्रामों को शामिल किया गया है। आदि सेवा केन्द्रों को जनजातीय क्षेत्रों में पात्रता संबंधी सुविधाओं, शिकायत निवारण, शासकीय योजनाओं के समन्वय तथा सामुदायिक सहभागिता के लिए ग्राम स्तर पर एक स्थायी मंच के रूप में विकसित किया गया है।

जन सुनवाई के दौरान ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों का पंजीयन कर उनके निराकरण की कार्यवाही की जाएगी। पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग भी उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही योजनाओं की जानकारी, नागरिक सुविधाओं के प्रति जागरूकता तथा आवश्यक दस्तावेजों के डिजिटल दस्तावेजीकरण में भी सहायता प्रदान की जाएगी।

शिविरों में आदिम जाति विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, कृषि, वन एवं जलवायु परिवर्तन, राजस्व, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, बैंकिंग/सीएससी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहकर विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाएंगे।

जिला प्रशासन ने जनजातीय समुदाय के नागरिकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के आदि सेवा केन्द्रों में आयोजित जन सुनवाई शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपनी शिकायतों, समस्याओं एवं पात्रता संबंधी आवश्यकताओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखें और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।

Jashpur