मवेशी तस्करी के मामले में थाना बतौली की कार्रवाई झारखंड के गुमला से मवेशी तस्कर गिरफ्तार.
अंबिकापुर : अंबिकापुर में मवेशी तस्करी के खिलाफ बतौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड के गुमला से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जनवरी में मवेशियों को क्रूरता से पिक-अप में ठूंसकर झारखंड ले जाने के प्रयास का खुलासा किया था। मौके से 13 मवेशी और तस्करी में इस्तेमाल पिक-अप वाहन बरामद किया गया था। लंबी पतासाजी के बाद पुलिस टीम ने दूसरे राज्य पहुंचकर आरोपी को दबोचा, मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
दिनांक 17 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि पिक-अप वाहन क्रमांक JH 01 FY 8400 में मवेशी तस्कर 6 रास गाय और 7 रास बछिया कुल 13 रास गाय को सींग एवं पैर को बांधकर क्रूरता और निर्दयतापूर्वक पिक-अप वाहन में ठूंस-ठूंस कर भरकर छत्तीसगढ़ से झारखंड बुचड़खाना ले जाते समय ग्राम बोदा बगीचा रोड घोषरा पखना खेत के पास पिक-अप का पिछला चक्का का नट बोल्ट टूट जाने से पिक-अप चालक और मवेशी तस्कर पिक-अप और मवेशी को छोड़कर फरार हो गए हैं। जिसकी सूचना पर थाना बतौली पुलिस मौके पर पहुंचकर मौके से घटना में प्रयुक्त पिक-अप वाहन क्रमांक JH-01-FY-8400 तथा 13 रास मवेशी गाय को बरामद व जप्त कर पिक-अप चालक मवेशी तस्कर के विरुद्ध मामला पंजीबद्ध कर लगातार आरोपी मवेशी तस्करों का पता तलाश किया जा रहा था। इसी बीच पिक-अप वाहन के पंजीयन क्रमांक के आधार पर पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित विशेष पुलिस टीम की पतासाजी हेतु दिगर राज्य झारखंड पहुंची। विवेचना के दौरान वाहन स्वामी एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की गई। जांच में पिक-अप वाहन के माध्यम से मवेशियों की तस्करी किए जाने की जानकारी सामने आई।
पुलिस द्वारा आरोपी अयान अहमद, पिता मोहम्मद अशगर, उम्र 21 वर्ष, निवासी गुमला (झारखंड) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी द्वारा मवेशियों को झारखंड ले जाकर तस्करी किए जाने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई।
पुलिस जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन से पिक-अप वाहन में मवेशी तस्करी से संबंधित वीडियो भी प्राप्त हुआ। आरोपी के विरुद्ध धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी किया गया था, किंतु विवेचना कार्यवाही में सहयोग नहीं करते हुए आरोपी उपस्थित नहीं हुआ। विवेचना में आरोपी अयान अहमद की संलिप्तता पाए जाने पर उसके विरुद्ध धारा 3(5) बीएनएस जोड़ी गई।
आरोपी वर्तमान में दिगर राज्य का निवासी है तथा आवश्यक होने पर उपस्थित होने में असमर्थ रहने की स्थिति स्पष्ट होने के कारण उसे गिरफ्तार कर गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दी गई है। प्रकरण में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी शेष है तथा विवेचना जारी है।
बरामदगी – 13 नग मवेशी, मवेशी तस्करी में प्रयुक्त पिक-अप वाहन क्रमांक JH-01-FY-8400.
थाना बतौली पुलिस द्वारा प्रकरण में की जा रही है आगे की वैधानिक कार्रवाई।
इस प्रकरण की संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी बतौली निरीक्षक विवेक सेंगर, सहायक उपनिरीक्षक अरुण गुप्ता, आरक्षक राकेश एक्का, आरक्षक विकास एक्का सक्रिय रहे।

