साइबर अपराधियों की अब खैर नहीं! पुलिस ने कसी कमर, शिकायतों के त्वरित निपटारे और ठगी की रकम लौटाने को लेकर दिए सख्त निर्देश

साइबर अपराधियों की अब खैर नहीं! पुलिस ने कसी कमर, शिकायतों के त्वरित निपटारे और ठगी की रकम लौटाने को लेकर दिए सख्त निर्देश

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सीसीटीएनएस ऑपरेटरों का प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक आयोजित

नारायणपुर : पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन में आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय, नारायणपुर में जिले के समस्त थाना के सीसीटीएनएस ऑपरेटरों की समीक्षा एवं प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार (भा.पु.से) द्वारा सीसीटीएनएस सहित विभिन्न पुलिस पोर्टलों पर लंबित प्रविष्टियों एवं डेटा एंट्री की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी लंबित कार्यों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रशिक्षण के दौरान राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) से प्राप्त साइबर शिकायतों के त्वरित परीक्षण एवं आवश्यक कार्यवाही, शिकायत निवारण मॉड्यूल (जीआरएम) के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निराकरण तथा राशि वापसी मॉड्यूल (एमआरएम) के माध्यम से साइबर धोखाधड़ी में होल्ड की गई राशि पात्र प्रार्थियों को शीघ्र वापस दिलाने एवं आवश्यकतानुसार बैंक खातों को अनफ्रीज करने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

बैठक में साइबर अपराधों के त्वरित निराकरण, डिजिटल पोर्टलों के प्रभावी उपयोग, समयबद्ध कार्रवाई तथा साइबर अपराध से प्रभावित प्रार्थियों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सभी सीसीटीएनएस ऑपरेटरों को प्रत्येक शिकायत एवं प्रकरण में निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर साइबर नोडल उप पुलिस अधीक्षक श्री आशीष कुमार नेताम, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक श्री राजकुमार सोरी सहित जिले के सभी सीसीटीएनएस ऑपरेटर उपस्थित रहे।

Chhattisgarh