छत्तीसगढ़ में वन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 24 IFS अधिकारियों की नवीन पदस्थापना
रायपुर : छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने भारतीय वन सेवा (IFS) के 24 अधिकारियों की नवीन पदस्थापना का आदेश जारी किया है। 8 अगस्त 2026 को जारी शासन आदेश में अधिकारियों को प्रशासनिक दृष्टिकोण से उनके नाम के सामने दर्शाए गए नवीन पदस्थापना पद पर आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया है। इस फेरबदल से प्रदेश के कई महत्वपूर्ण वन मंडलों, टाइगर रिजर्व और वन्यजीव क्षेत्रों में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है।
आदेश के अनुसार गणवीर धम्मशील को बलौदाबाजार के वन उप संरक्षक पद से वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, मंत्रालय नवा रायपुर में विशेष सचिव के पद पर प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ किया गया है। वहीं उम कुमार गुप्ता को बस्तर के वन उप संरक्षक पद से प्रभारी मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) एवं क्षेत्र निदेशक, इंद्रावती टाइगर रिजर्व, जगदलपुर की जिम्मेदारी दी गई है। दुलेश्वर प्रसाद साहू को सूरजपुर से मनेन्द्रगढ़, जबकि पंकज राजपूत को खैरागढ़ से रायपुर वन उप संरक्षक के पद पर पदस्थ किया गया है।
इसी क्रम में प्रभाकर खलखो को कोरिया से प्रभारी वन संरक्षक, कार्ययोजना वनमंडल सरगुजा अंबिकापुर की जिम्मेदारी दी गई है। संदीप बलगा को इंद्रावती टाइगर रिजर्व, बीजापुर के उप संचालक पद से पूर्व भानुप्रतापपुर वन उप संरक्षक बनाया गया है। वहीं मयंक पांडेय को महासमुंद से गरियाबंद और सत्यदेव शर्मा को प्रतिनियुक्ति से धरमजयगढ़ वन उप संरक्षक के पद पर पदस्थ किया गया है। श्रीनिवास टकनेटी को हाथी रिजर्व सरगुजा से महासमुंद वन उप संरक्षक तथा जितेन्द्र कुमार उपाध्याय को धरमजयगढ़ से कटघोरा वन उप संरक्षक बनाया गया है।
आदेश में संजय यादव को प्रतिनियुक्ति से वापस लेते हुए खैरागढ़ वन उप संरक्षक बनाया गया है, जबकि कुमार निशांत को कटघोरा से मरवाही और पंकज कुमार कमल को प्रतिनियुक्ति से वापस लेते हुए बलौदाबाजार वन उप संरक्षक के पद पर पदस्थ किया गया है।
दूसरे चरण में पुष्पलता टंडन को वन्यजीव शाखा से सारंगढ़-बिलाईगढ़ वन उप संरक्षक, लोकनाथ पटेल को रायपुर से सरगुजा अंबिकापुर, तथा शशिगानंदन के. को गरियाबंद से कांकेर वन उप संरक्षक बनाया गया है। अभिषेक जोगावत को अंबिकापुर से छत्तीसगढ़ राज्य लघुवनोपज संघ, नवा रायपुर में उप महाप्रबंधक के पद पर प्रतिनियुक्ति दी गई है।
इसके अलावा रौनक गोयल को कांकेर से प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख कार्यालय, नवा रायपुर में वन उप संरक्षक के पद पर, श्रीष्मी चांद को मरवाही से छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम में प्रतिनियुक्ति पर, चंद्रशेखर शंकरसिंग परदेशी को सरगुजा से कोरिया और दिपेश कपिल को दुर्ग से बस्तर-जगदलपुर वन उप संरक्षक के पद पर पदस्थ किया गया है।
वहीं चंद्र कुमार अग्रवाल को मनेन्द्रगढ़ से दुर्ग, ऋषभ जैन को पूर्व भानुप्रतापपुर से छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम में प्रतिनियुक्ति पर तथा विपुल अग्रवाल को सारंगढ़-बिलाईगढ़ से सूरजपुर वन उप संरक्षक के पद पर पदस्थ किया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ये पदस्थापनाएं आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से प्रभावी रहेंगी।
छत्तीसगढ़ शासन के इस प्रशासनिक फेरबदल से वन विभाग के मैदानी प्रशासन, वन्यजीव संरक्षण, टाइगर रिजर्व प्रबंधन और विभिन्न वन मंडलों की कार्यप्रणाली में नई जिम्मेदारियों के साथ बदलाव देखने को मिलेगा। आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा उनके आदेशानुसार वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के विशेष सचिव जे.पी. पाठक द्वारा जारी किया गया है।



