गंभीर मरीजों के इलाज में जशपुर होगा और मजबूत! 4 मंजिला क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, सुविधाओं पर दिए खास निर्देश

गंभीर मरीजों के इलाज में जशपुर होगा और मजबूत! 4 मंजिला क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, सुविधाओं पर दिए खास निर्देश

जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास ने 50 बेड के क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक का किया निरीक्षण

निर्धारित सभी मानकों एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए शेष कार्यों का शीघ्र पूरा करने दिए निर्देश

जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास ने आज जिला चिकित्सालय के समीप निर्माणाधीन 50 बेड के क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक का निरीक्षण किया। 11 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से निर्मित किए जा रहे इस क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक में ग्राउंड फ्लोर सहित कुल चार फ्लोर होंगे। यहां गंभीर एवं जीवन-जोखिम वाली स्थिति वाले मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री व्यास ने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। वर्तमान में भवन में फिनिशिंग का कार्य चल रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भवन निर्माण में निर्धारित सभी मानकों एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

 कलेक्टर ने अस्पताल में साइनेज कलर कोड व्यवस्थित रूप से लगाने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों एवं उनके परिजनों को अलग-अलग रंगों और प्रतीकों के माध्यम से आइसीयू ओटी इमरजेंसी सहित अन्य महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील क्षेत्रों की आसानी से पहचान हो सके। इससे अस्पताल में आवागमन सुगम होने के साथ मरीजों और परिजनों को आवश्यक स्थान तक पहुंचने में सुविधा होगी। उन्होंने अस्पताल भवन में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने तथा परिसर में व्यवस्थित रूप से वृक्षारोपण कार्य कराने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही लिफ्ट स्थापना का कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा, ताकि अस्पताल के विभिन्न फ्लोर तक मरीजों एवं परिजनों की सुगम पहुंच सुनिश्चित हो सके। कलेक्टर श्री व्यास ने अस्पताल में पानी एवं बिजली की पर्याप्त और निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्रिटिकल केयर जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए विद्युत एवं जल की निरंतर उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है, इसलिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी. एस. जात्रा, सीजीएमएससी के एसडीओ श्री ललित वर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Jashpur