एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा को भावभीनी विदाई, निमितेश सिंह ने संभाला एसडीओपी जशपुर का पदभार.
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जिले के पुलिस अधिकारियों ने दी विदाई एवं किया स्वागत.
छत्तीसगढ़ शासन के स्थानांतरण आदेश के तहत हुआ पदस्थापन, नवपदस्थ एसडीओपी से जनहित एवं उत्कृष्ट पुलिसिंग की अपेक्षा की गई व्यक्त.
जशपुर : जशपुर पुलिस महकमे में प्रशासनिक फेरबदल के तहत एसडीओपी चंद्रशेखर परमा को भावभीनी विदाई दी गई, जबकि निमितेश सिंह ने नए एसडीओपी के रूप में पदभार संभाल लिया। पुलिस कार्यालय में आयोजित गरिमामय समारोह में डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने दोनों अधिकारियों का सम्मान किया। नवपदस्थ एसडीओपी से जनहित, प्रभावी कानून-व्यवस्था और उत्कृष्ट पुलिसिंग को नई मजबूती मिलने की आशा व्यक्त की गई।
ज्ञातव्य है कि छत्तीसगढ़ शासन, गृह (पुलिस) विभाग, मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर के आदेश क्रमांक ESTB-102(2)/528/2026 दिनांक 20.07.2026 के अनुसार एसडीओपी जशपुर श्री चंद्रशेखर परमा का स्थानांतरण एसडीओपी सरायपाली के पद पर किया गया है। वहीं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन), बिलासपुर श्री निमितेश सिंह को एसडीओपी जशपुर के पद पर पदस्थ किया गया है।

इसी क्रम में पुलिस कार्यालय जशपुर में गरिमामय विदाई एवं स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में श्री चंद्रशेखर परमा को उनके स्थानांतरण पर भावभीनी विदाई दी गई तथा श्री निमितेश सिंह का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें एसडीओपी जशपुर का पदभार ग्रहण कराया गया।
इस अवसर पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुमार पाटनवार, जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, एसडीओपीगण, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
विदाई समारोह में उपस्थित अधिकारियों ने श्री चंद्रशेखर परमा के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, जनसंपर्क एवं पुलिसिंग को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके उत्कृष्ट कार्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नवीन पदस्थापना हेतु शुभकामनाएं एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं दी।
इस अवसर पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने नवपदस्थ एसडीओपी श्री निमितेश सिंह का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव एवं नेतृत्व में जशपुर अनुविभाग में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि श्री सिंह आमजन से बेहतर संवाद स्थापित करते हुए अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, त्वरित पुलिस कार्रवाई तथा जनहित में उत्कृष्ट पुलिसिंग को प्राथमिकता देंगे।
नवपदस्थ एसडीओपी श्री निमितेश सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा व्यक्त विश्वास के लिए आभार प्रकट करते हुए कहा कि वे जशपुर जिले की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा पुलिस एवं जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करने के लिए पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे।

