छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ की महासमिति बैठक में सर्वसम्मति से चुनाव कराने पर जोर,20 सितंबर को होगा प्रांताध्यक्ष का निर्वाचन
जशपुर/रायगढ़ : छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ (पंजीयन क्रमांक 409) की महासमिति बैठक में संगठन के संविधान एवं लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप सर्वसम्मति से प्रांताध्यक्ष का चयन किए जाने पर जोर दिया गया। बैठक में सर्वसम्मति नहीं बनने की स्थिति में आगामी 20 सितंबर 2026 को आयोजित महासमिति की बैठक में प्रांताध्यक्ष का निर्वाचन कराने का निर्णय लिया गया।
बैठक में प्रांतीय संयोजक देवेन्द्र पटेल ने संगठन के संविधान एवं नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि संघ की मजबूती के लिए सभी निर्णय संवैधानिक प्रक्रिया के तहत ही लिए जाएंगे। प्रांताध्यक्ष पद के लिए अनिता नायक, कविता यादव, सुमन यादव, भारती मिश्रा एवं अनुपा कुशवाहा सहित कई नाम प्रस्तावित किए गए। सभी जिलाध्यक्षों के बीच सहमति बनाने का प्रयास किया गया, लेकिन एकमत सहमति नहीं बनने के कारण संविधान के अनुसार चुनाव कराने का निर्णय लिया गया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि 6 सितंबर 2026 तक सदस्यता की अंतिम तिथि रहेगी, जिसके बाद 20 सितंबर को महासमिति की बैठक में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत प्रांताध्यक्ष का निर्वाचन संपन्न कराया जाएगा।
बैठक में जशपुर, रायगढ़, बिलासपुर, बलौदाबाजार-भाटापारा, दुर्ग, कोरबा, कांकेर, महासमुंद, सरांगढ़-बिलाईगढ़ सहित विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्षों एवं आजीवन सदस्यों ने अपने विचार रखे और संगठन की एकता, पारदर्शिता तथा संविधान के पालन पर बल दिया।
संघ ने सभी जिला एवं परियोजना पदाधिकारियों से अपील की है कि वे महासमिति की कार्यवाही की जानकारी अपने-अपने क्षेत्र के सभी आजीवन सदस्यों तक पहुंचाएं तथा आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।

