सूरज की रोशनी बनी कमाई का सहारा! कुनकुरी के संदीप गुप्ता ने PM सूर्य घर योजना से बिजली बिल किया लगभग खत्म, अब हर महीने बच रहे हजारों रुपये

सूरज की रोशनी बनी कमाई का सहारा! कुनकुरी के संदीप गुप्ता ने PM सूर्य घर योजना से बिजली बिल किया लगभग खत्म, अब हर महीने बच रहे हजारों रुपये

सफलता की कहानी : पीएम सूर्य घर योजना से घर-घर उजियारा, मुफ्त बिजली से मिल रहा आर्थिक संबल

जशपुर : प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं, जिससे न केवल स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन हो रहा है, बल्कि लोगों के बिजली बिल में भी उल्लेखनीय कमी आई है। कई परिवारों का बिजली बिल अब लगभग शून्य हो गया है, जिससे उन्हें आर्थिक राहत मिल रही है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन की पहल के तहत विद्युत विभाग द्वारा जिलेभर में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। लोगों को योजना की जानकारी देकर अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि वे बढ़ते बिजली बिल से राहत पा सकें और सौर ऊर्जा का उपयोग कर आत्मनिर्भर बन सकें।

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत घरों में सोलर पैनल लगाए जाते हैं, जो सूर्य के प्रकाश से बिजली का उत्पादन करते हैं। आवश्यकता से अधिक उत्पादित बिजली ग्रिड में भेजी जाती है, जिससे उपभोक्ताओं का बिजली बिल काफी कम हो जाता है या कई मामलों में शून्य तक पहुंच जाता है। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ परिवारों को आर्थिक संबल भी मिल रहा है।

कुनकुरी निवासी संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि पहले उनके घर का बिजली बिल काफी अधिक आता था। लेकिन जब से उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत अपने घर में सोलर पैनल लगवाया है, तब से बिजली की नियमित खपत के बावजूद उनका बिजली बिल बहुत कम हो गया है। उन्होंने कहा कि इस योजना से उन्हें हर महीने अच्छी बचत हो रही है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई है।

संदीप कुमार गुप्ता ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना आम लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि सुशासन की इस पहल से आने वाले समय में अधिक से अधिक घर सौर ऊर्जा से जुड़ेंगे और हर घर उजियारा होगा।

Jashpur