जशपुर पुलिस का मेगा एक्शन प्लान: डीआईजी-एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने जारी किए कड़े फरमान—हर लंबित केस का होगा हिसाब, साइबर अपराधियों, तस्करों और ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर टूटेगी सख्ती, लापरवाही करने वाले विवेचक भी नहीं बचेंगे

जशपुर पुलिस का मेगा एक्शन प्लान: डीआईजी-एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने जारी किए कड़े फरमान—हर लंबित केस का होगा हिसाब, साइबर अपराधियों, तस्करों और ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर टूटेगी सख्ती, लापरवाही करने वाले विवेचक भी नहीं बचेंगे

डीआईजी एवं एसएसपी डाॅ. लाल उमेद सिंह ने ली अपराध समीक्षा बैठक, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण एवं प्रभावी पुलिसिंग के दिए निर्देश,

विवेचना की गुणवत्ता एवं दोषसिद्धि दर बढ़ाने पर विशेष जोर, लापरवाही बरतने वाले विवेचकों पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी,

एनडीपीएस प्रकरणों में End-to-End Investigation सुनिश्चित करने के निर्देश,

समाधान ऐप के माध्यम से होटल एवं लाॅज में ठहरने वाले आगंतुकों का अनिवार्य पंजीयन कराने के निर्देश,

सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश,

गौ-तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब, जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश,

फरार अपराधियों की गिरफ्तारी एवं वारंटों की तामिली में तेजी लाने के निर्देश,

साइबर अपराध एवं आॅनलाईन ठगी के मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश,

बैरिकेड लगाकर सघन वाहन जांच अभियान चलाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश,

पुलिस मितान व्यवस्था को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाकर जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को मजबूत करने पर विशेष जोर,

जशपुर : पुलिस कार्यालय जशपुर के सभाकक्ष में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाॅ. लाल उमेद सिंह की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक में अनुविभागवार लंबित अपराध, चालान, शिकायत, मर्ग एवं अन्य प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। डीआईजी एवं एसएसपी ने सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष विवेचना के साथ शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले थाना एवं चैकी प्रभारियों को पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि विवेचना में अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

डीआईजी ने उपस्थित राजपत्रित अधिकारियों को विवेचकों के कार्यों की नियमित माॅनीटरिंग कर आवश्यक मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए तथा कहा कि प्रत्येक विवेचक अपनी विवेचना की गुणवत्ता, साक्ष्य संकलन एवं दोषसिद्धि दर बढ़ाने पर विशेष ध्यान दें। साथ ही फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, लंबित वारंटों एवं स्थायी वारंटों की तामिली में तेजी लाने तथा आदतन अपराधियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी, गौ-तस्करी, जुआ, सट्टा, अवैध कारोबार तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध निरंतर प्रभावी अभियान चलाया जाए। एनडीपीएस अधिनियम के प्रकरणों में End-to-End Investigation करते हुए तस्करी से जुड़े संपूर्ण नेटवर्क का पता लगाकर प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

डीआईजी एवं एसएसपी ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि समाधान ऐप के माध्यम से होटल, लाॅज एवं अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों में आने वाले प्रत्येक आगंतुक का अनिवार्य पंजीयन कराया जाए, ताकि संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।

साइबर अपराधों की समीक्षा के दौरान साइबर सेल प्रभारी उप पुलिस अधीक्षक श्री भावेश कुमार समरथ को निर्देशित किया गया कि थाना एवं चौकी स्तर से प्राप्त तकनीकी सहायता संबंधी मांगों का त्वरित निराकरण किया जाए। साथ ही साइबर हेल्पलाइन, साइबर पोर्टल एवं वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक के दौरान सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। डीआईजी एवं एसएसपी ने सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना/चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि पोर्टल पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ परीक्षण करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण, तथ्यपरक एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा सभी लंबित शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

पुलिस मितान व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश

डीआईजी एवं एसएसपी ने कहा कि पुलिस मितान जशपुर पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग की महत्वपूर्ण कड़ी है। प्रत्येक थाना एवं चैकी प्रभारी अपने क्षेत्र के पुलिस मितानों के साथ नियमित बैठक करें तथा उन्हें कानून-व्यवस्था, यातायात सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, नशा मुक्ति, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा अन्य जनजागरूकता अभियानों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित करें। पुलिस मितानों से प्राप्त सूचनाओं एवं सुझावों पर त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए उन्हें पुलिस का विश्वसनीय सहयोगी बनाया जाए।

ग्राम सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश

डीआईजी एवं एसएसपी ने निर्देशित किया कि थाना एवं चैकी से कोई भी शिकायतकर्ता निराश होकर वापस न लौटे। प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा शिकायतकर्ताओं के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाए। उन्होंने निगरानी बदमाशों एवं गुंडा बदमाशों की नियमित निगरानी, पैदल मार्च, कांबिंग गश्त तथा शाम के समय क्षेत्र में प्रभावी Visible Policing सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्रामों से प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण हेतु संबंधित ग्राम के सुरक्षा प्रभारी अधिकारी एवं कर्मचारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्ती

डीआईजी एवं एसएसपी ने जिले के सभी थाना एवं चैकी प्रभारियों को बैरिकेड लगाकर सघन वाहन जांच अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाने, शराब के नशे में वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जशपुर पुलिस का प्रमुख उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करना तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी कुनकुरी श्री विनोद मंडावी, एसडीओपी बगीचा श्री दिलीप कुमार कोसले, एसडीओपी जशपुर श्री चंद्रशेखर परमा, उप पुलिस अधीक्षक श्री भावेश कुमार समरथ, उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री के.आर. चौहान, एसडीओपी श्री निमितेश सिंह, समस्त थाना एवं चैकी प्रभारी, रीडर श्री मुकेश झा तथा कार्यालयीन शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।

Jashpur