10 अगस्त को चलेगा बच्चों की सेहत का सबसे बड़ा अभियान: 1 से 19 वर्ष के हर बच्चे को मुफ्त मिलेगी कृमिनाशक दवा, 17 अगस्त को दूसरा मौका

10 अगस्त को चलेगा बच्चों की सेहत का सबसे बड़ा अभियान: 1 से 19 वर्ष के हर बच्चे को मुफ्त मिलेगी कृमिनाशक दवा, 17 अगस्त को दूसरा मौका

10 अगस्त को मनाया जाएगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस

1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को निःशुल्क खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल की दवा

17 अगस्त को होगा मॉप-अप दिवस, छूटे हुए बच्चों को भी दी जाएगी दवा

जशपुर : राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अंतर्गत 10 अगस्त 2026 को जिले के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, महाविद्यालयों तथा विद्यालय नहीं जाने वाले (आउट ऑफ स्कूल) 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमि संक्रमण से बचाव हेतु एल्बेंडाजोल (400 मि.ग्रा.) की दवा निःशुल्क खिलाई जाएगी। अभियान के तहत आयु वर्ग के अनुसार दवा का सेवन कराया जाएगा। 1 से 2 वर्ष आयु के बच्चों को एल्बेंडाजोल की आधी गोली (200 मि.ग्रा.) चूरा बनाकर, 2 से 3 वर्ष आयु के बच्चों को एक पूरी गोली (400 मि.ग्रा.) चूरा बनाकर तथा 3 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एक पूरी गोली (400 मि.ग्रा.) चबाकर पानी के साथ खिलाई जाएगी। अभियान का संचालन प्रशिक्षित शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में किया जाएगा, जिससे बच्चों को सुरक्षित एवं सही तरीके से दवा उपलब्ध कराई जा सके। यदि कोई बच्चा 10 अगस्त को किसी कारणवश दवा का सेवन नहीं कर पाता है, तो ऐसे सभी छूटे हुए पात्र बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को 17 अगस्त 2026 को आयोजित मॉप-अप दिवस के दौरान एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जाएगी।

कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की

कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने जिले के सभी अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं नागरिकों से राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए कहा है कि वे यह सुनिश्चित करें कि 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग का कोई भी बच्चा अथवा किशोर-किशोरी एल्बेंडाजोल की दवा के सेवन से वंचित न रहे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी. एस. जात्रा ने बताया कि पेट में कृमि होने से बच्चों में एनीमिया, कुपोषण, कमजोरी, भूख कम लगना, पेट दर्द, पढ़ाई में ध्यान न लगना तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास प्रभावित हो सकता है। एल्बेंडाजोल एक सुरक्षित एवं प्रभावी कृमिनाशक दवा है, जिसे प्रशिक्षित कर्मियों की देखरेख में आयु के अनुसार दिया जाता है। कृमिनाशन से बच्चों का स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास में सकारात्मक सुधार आता है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी विभागों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, महाविद्यालयों, पालकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें तथा सभी पात्र बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को 10 अगस्त 2026 को एल्बेंडाजोल की दवा का सेवन अवश्य कराएं। साथ ही, जो बच्चे किसी कारणवश मुख्य दिवस पर दवा नहीं ले सकें, उन्हें 17 अगस्त 2026 को आयोजित मॉप-अप दिवस पर दवा अवश्य दिलाई जाए।

Jashpur