जशपुर में 9 अगस्त को Join BJYM अभियान: 6 हजार युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य, भव्य तिरंगा यात्रा की भी तैयारी
जशपुर : भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा प्रदेश भर में युवाओं और नए मतदाताओं को संगठन से जोड़ने के लिए Join BJYM सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 9 अगस्त को जशपुर जिले में विशाल सदस्यता कार्यक्रम और एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा।
भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा के निर्देश और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के मार्गदर्शन में यह अभियान करीब 8 वर्षों बाद पुनः प्रारंभ किया गया है। पूरे प्रदेश में जहाँ 2 लाख नए सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, वहीं जशपुर जिले में भाजयुमो ने 6 हजार युवाओं को संगठन से जोड़ने की विशेष योजना बनाई है।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव ने बताया कि जिले में 6 हजार युवाओं और नव-मतदाताओं को भाजपा की विचारधारा से जोड़ा जाएगा! सदस्यता पूरी तरह निःशुल्क है। युवा सीधे Join BJYM पोर्टल के माध्यम से जुड़ सकते हैं।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन को ट्रैक करने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए एक विशेष रेफरल कोड व्यवस्था लागू की गई है। यह राष्ट्रव्यापी अभियान 23 जुलाई से 20 सितंबर तक संचालित रहेगा, जिसके अंतर्गत 9 अगस्त को जशपुर में बड़ा आयोजन होगा।
9 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा
जिलाध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव ने बताया कि 9 अगस्त को जिला स्तर पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में सदस्यता दिलाने के साथ-साथ एक विशाल तिरंगा यात्रा भी निकाली जाएगी। इसे ऐतिहासिक बनाने के लिए जिले भर के युवा मोर्चा पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार बैठकें कर रहे हैं और तैयारियों में जोर-शोर से जुटे हुए हैं।
विजय आदित्य सिंह जूदेव, जिलाध्यक्ष भाजयुमो, जशपुर ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों तथा विकास कार्यों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में युवा स्वतः ही भाजपा और भाजयुमो की सदस्यता ले रहे हैं। तिरंगा यात्रा और सदस्यता अभियान दोनों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ता पूरी ताकत से लगे हैं।

