दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में रोड मार्किंग एवं कैट आई लगाकर सड़क सुरक्षा को मिली मजबूती
जांजगीर क्षेत्र के पुटपुरा चौक खोखरा चौक सुकली, मुनूंद एवं चांपा क्षेत्र के हथनेवरा चौक में लगाया गया
जांजगीर-चांपा : जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आम नागरिकों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे तथा समिति के सदस्य पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय के निर्देशन में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।
इस अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के मार्गदर्शन में NH के सब इंजीनियर विजय साहू के नेतृव में जिले के चिन्हित दुर्घटनाजन्य (ब्लैक स्पॉट) एवं दुर्घटना- प्रवण क्षेत्रों में रोड मार्किंग एवं रिफ्लेक्टिव कैट आई लगाए गए हैं। इन सुरक्षा उपायों से रात्रि के समय एवं खराब मौसम में भी वाहन चालकों को सड़क की दिशा स्पष्ट रूप से दिखाई देगी, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना में कमी आने की उम्मीद है।
पुलिस विभाग का उद्देश्य सड़क पर चलने वाले प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित एवं सुगम यातायात उपलब्ध कराना है। सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक इंजीनियरिंग सुधारों के साथ-साथ जनजागरूकता कार्यक्रम भी लगातार संचालित किए जा रहे हैं, ताकि यातायात नियमों के पालन की संस्कृति विकसित हो सके।
उद्देश्य
दुर्घटना संभावित एवं ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा बढ़ाना।
रात्रि एवं कम दृश्यता की स्थिति में वाहन चालकों को स्पष्ट मार्गदर्शन उपलब्ध कराना।
सड़क दुर्घटनाओं एवं जनहानि में कमी लाना।
सुरक्षित, व्यवस्थित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देना।

