खरवाटोली उप स्वास्थ्य केंद्र भवन की होगी मरम्मत, छत की मरम्मत के लिए निरीक्षण पूरा, जल्द भेजा जाएगा प्रस्ताव
जशपुर : कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत खरवाटोली उप स्वास्थ्य केंद्र भवन की जर्जर स्थिति को लेकर प्रकाशित समाचार के बाद स्वास्थ्य विभाग ने आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। विभाग ने बताया है कि भवन की छत की मरम्मत के लिए तकनीकी निरीक्षण कराया जा चुका है तथा शीघ्र ही मरम्मत कार्य के लिए प्रस्ताव तैयार कर अग्रेषित किया जाएगा। खंड चिकित्सा अधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुनकुरी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार उप स्वास्थ्य केंद्र भवन की छत की मरम्मत के लिए अभियंता द्वारा स्थल का निरीक्षण कर लिया गया है। निरीक्षण के आधार पर भवन मरम्मत का प्राक्कलन तैयार करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। खंड चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि भवन की छत की मरम्मत के लिए प्रस्ताव शीघ्र ही सक्षम प्राधिकारी को भेजा जाएगा, ताकि स्वीकृति प्राप्त होने के बाद आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जा सके और उप स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

