श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव : 1942 की ऐतिहासिक परंपरा फिर बनी आस्था का महासंगम, रसगुल्ला अर्पित कर महाप्रभु जगन्नाथ का गर्भगृह में दिव्य प्रवेश.

श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव : 1942 की ऐतिहासिक परंपरा फिर बनी आस्था का महासंगम, रसगुल्ला अर्पित कर महाप्रभु जगन्नाथ का गर्भगृह में दिव्य प्रवेश.

जशपुर जिले के विकासखंड कांसाबेल स्थित ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर दोकड़ा में आयोजित श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का समापन सोमवार को नीलाद्री विजय की पावन परंपरा के साथ श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। भगवान श्री जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा विधि-विधान के साथ रथ से पुनः श्री मंदिर के गर्भगृह में विराजमान हुए। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रभु के दिव्य दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना की।

नीलाद्री विजय के अवसर पर श्री मंदिर के गजपति महाराज एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना कर महाप्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता निभाई।

नीलाद्री विजय की सबसे महत्वपूर्ण परंपरा के तहत भगवान श्री जगन्नाथ माता लक्ष्मी को मनाने के लिए रसगुल्ला लेकर पहुंचे। भगवान द्वारा माता लक्ष्मी को रसगुल्ला अर्पित करने की यह सदियों पुरानी परंपरा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इस भावपूर्ण अनुष्ठान के साथ महाप्रभु का पुनः गर्भगृह में प्रवेश कराया गया। मंदिर समिति द्वारा महाप्रसाद वितरण एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई। समापन समारोह में आयोजित ओड़िया भजन संध्या ने पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया। मधुर भजनों एवं संकीर्तन से देर रात तक श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर रहे।

Jashpur