फर्जी ए.सी.बी. अधिकारी बनकर आबकारी अधिकारी से शराब एवं नगदी रकम मांगने के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार.
थाना गांधीनगर पुलिस टीम द्वारा मामले में आरोपियों के विरुद्ध की गई सख्त वैधानिक कार्यवाही.
आरोपियों द्वारा स्वयं को एसीबी का अधिकारी होना बताकर आबकारी अधिकारी से शराब एवं नगद राशि की मांग कर कारित की गई थी घटना, आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध की जा रही लगातार वैधानिक कार्यवाही.
अम्बिकापुर : सरगुजा पुलिस ने फर्जी एसीबी अधिकारी बनकर आबकारी अधिकारी से शराब और नकदी की मांग करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो का अधिकारी बताकर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन आबकारी अधिकारी की सतर्कता से साजिश नाकाम हो गई। गांधीनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार मामले का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 27/07/2026 को थाना गांधीनगर में जिला आबकारी अधिकारी श्री लक्ष्मीकांत गायकवाड़ द्वारा लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 27/07/2026 को प्रार्थी के मोबाइल नंबर पर अज्ञात मोबाइल नंबर धारक ने स्वयं को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) का अधिकारी बताते हुए फोन कर कहा कि बाहर से अधिकारी निरीक्षण हेतु आ रहे हैं, जिनके लिए रेस्ट हाउस में भोजन की व्यवस्था की जा रही है तथा तत्काल 06 बोतल शराब एवं नगद राशि उपलब्ध कराई जाए। बातचीत संदिग्ध प्रतीत होने पर आवेदक द्वारा कोई शराब अथवा धनराशि उपलब्ध नहीं कराई गई तथा थाना गांधीनगर में तत्काल मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना गांधीनगर पुलिस टीम द्वारा मामले में त्वरित जांच प्रारंभ की गई। तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर सूचना के आधार पर संदेही सौरभ प्रजापति को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ किया गया। आरोपी द्वारा अपना नाम (01) सौरभ प्रजापति आत्मज तारकेश्वर प्रजापति उम्र 24 वर्ष साकिन अरगोती चौकी कुन्नी थाना लखनपुर हा.मु. ग्राम ठाकुरपुर थाना गांधीनगर का होना बताया गया। आरोपी से घटना के सम्बन्ध में पूछताछ किये जाने पर आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया और बताया कि आरोपी दिनांक 27/07/2026 को अपने साथी राजेशपुरी गोस्वामी के साथ सुभाषनगर शराब भटठी दुकान पहुँचा था जहां पर उनका साथी रंजित गुप्ता भी मिल गया, जिसके बाद तीनों मिलकर प्लान बनाये की आज शराब का पैसा नहीं देंगे जिसके बाद सौरभ प्रजापति के द्वारा मोबाईल से प्रार्थी को काल कर स्वयं को एसीबी का अधिकारी होने का धौंस दिखाकर एवं क्षति के भय में डालकर छलपूर्वक 06 बोतल शराब की मांग कर नगदी रकम आदि देने का दबाव देना स्वीकार किया गया।
पुलिस टीम द्वारा मामले में शामिल आरोपी (02) राजेशपुरी गोस्वामी आत्मज स्व. बद्रीपुरी गोस्वामी उम्र 43 वर्ष निवासी नरियरा थाना मुलमुला जिला जांजगीर-चांपा हा.मु. सूर्या बिहार कालोनी सांई कालोनी के बगल में थाना गांधीनगर, (03) रंजीत गुप्ता आत्मज श्री केदार प्रसाद गुप्ता उम्र 40 वर्ष निवासी बड़नी झरिया थाना गांधीनगर जिला सरगुजा को पकड़ कर हिरासत में लेकर पूछताछ के आधार पर मामले में अग्रिम जांच विवेचना कर साक्ष्य संकलन किये जा रहे हैं।
इस प्रकरण की सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, सहायक उपनिरीक्षक अभिषेक दुबे, आरक्षक विकास सिँह, आरक्षक अमृत सिंह, आरक्षक घनश्याम देवांगन सक्रिय रहे।

