डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा द्वारा थाना/चौकी प्रभारियों को बैंक, एटीएम एवं ज्वेलर्स दुकान का औचक निरीक्षण करने दिए गए थे दिशा निर्देश.
पुलिस टीम द्वारा जिले भर में आपराधिक घटनाओं की रोकथाम हेतु अभियान चलाकर बैंक, एटीएम, ज्वेलर्स दुकान में तैनात गार्ड को मुस्तैद रहकर सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने किया गया निर्देशित.
वित्तीय संस्थानों एवं ज्वेलर्स दुकानों में हाई फ्रीक्वेंसी के सीसीटीवी कैमरे लगाने समेत एटीएम में सुरक्षा गार्ड की तैनाती एवं आपातकालीन अलार्म सिस्टम लगाने किया गया निर्देशित.
अम्बिकापुर : सरगुजा पुलिस ने जिलेभर में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से बैंक, एटीएम और ज्वेलर्स दुकानों का व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों से कड़ी पूछताछ की गई और बैंक प्रबंधकों व प्रतिष्ठान संचालकों को सीसीटीवी, सुरक्षा गार्ड, आपातकालीन अलार्म सिस्टम तथा अन्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए।
वित्तीय संस्थानों, ज्वेलर्स दुकानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के क्रम में एवं आपराधिक घटनाओं की प्रभावी रोकथाम हेतु डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) द्वारा जिला मुख्यालय समेत जिले के समस्त थाना/चौकी प्रभारियों को अपने-अपने थाना चौकी अंतर्गत क्षेत्रों में स्थित आभूषण की दुकानों, राष्ट्रीयकृत और निजी बेंकों, एटीएम एवं अन्य वित्तीय संस्थानों की औचक निरीक्षण कर सख़्ती से जांच करने हेतु दिशा निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में आज़ दिनांक को जिले के समस्त थाना/चौकी प्रभारियों द्वारा जिले के समस्त वित्तीय संस्थान बैंक, एटीएम एवं ज्वेलर्स दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
जांच के क्रम में पुलिस टीम द्वारा संबंधित बैंक प्रबंधकों एवं प्रतिष्ठानों के संचालकों को आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए, हाई फ्रीक्वेंसी सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रख कर प्रत्येक गतिविधि पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए, बैंक प्रबंधकों एवं ज्वेलर्स दुकानों के संचालकों को गॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए, जिससे वित्तीय संस्थानों में बेहतर सुरक्षा प्रबंध स्थापित किया जा सके। अनावश्यक बैंक परिसर/प्रतिष्ठानों में खड़े व्यक्तियों से पूछताछ की गई, सुरक्षा पंजी में की गई टिप्पणी का पालन प्रबंधक/संचालक द्वारा किया जाए, परिसर के बाहर भी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था का निर्धारण किया जाए, परिसर में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर पुलिस हेल्पलाइन के नंबर डायल 112 सहित थाना/चौकी प्रभारियों के मोबाइल नंबर पर तत्काल प्रदान करने के निर्देश दिए गए।
प्रबंधकों एवं संचालकों को वित्तीय संस्थानों में आपातकालीन अलार्म सिस्टम लगाने हेतु निर्देशित किया गया, ताकि संस्थानों के बंद होने के बाद अनाधिकृत प्रवेश के बारे में जानकारी मिल सके। जिस पर समय रहते किसी भी आपराधिक गतिविधि को रोका जा सके। वित्तीय संस्थानों की औचक चेकिंग एवं समीक्षा के दौरान परिसर एवं आस पास में अनावश्यक घूम रहे व्यक्तियों से कड़ाई से पूछताछ की गई। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा द्वारा पुलिस पेट्रोलिंग टीम को जिले के वित्तीय संस्थानों एवं ज्वेलर्स दुकानों के आस पास प्रभावी पेट्रोलिंग कर संदिग्धों पर पैनी नजर रखने एवं समुचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।

