AI, ड्रोन और रोबोटिक्स की दुनिया में जशपुर की नई छलांग! 40 छात्र-छात्राओं के लिए शुरू हुआ हाई-टेक प्रशिक्षण शिविर

AI, ड्रोन और रोबोटिक्स की दुनिया में जशपुर की नई छलांग! 40 छात्र-छात्राओं के लिए शुरू हुआ हाई-टेक प्रशिक्षण शिविर

कलेक्टर रोहित व्यास की पहल पर 5 दिवसीय रोबोटिक्स प्रशिक्षण का शुभारंभ, जिले के 40 विद्यार्थी ले रहे हैं प्रशिक्षण

कम उम्र में रोबोटिक्स का प्रशिक्षण विद्यार्थियों के अध्ययन को देगा नई दिशा : डिप्टी कलेक्टर समीर बड़ा

जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास की पहल पर संकल्प शिक्षण संस्थान, जशपुर में आज से 5 दिवसीय आवासीय रोबोटिक्स प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, रोबोटिक्स, नवाचार एवं वैज्ञानिक सोच से जोड़ते हुए भविष्य की उभरती प्रौद्योगिकियों से परिचित कराना है। ज्वाइंट कलेक्टर प्रशांत कुशवाहा और जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिन्हा के निर्देश पर आयोजित इस प्रशिक्षण में जिले के सभी विकासखंडों से चयनित 40 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं, जिनमें 20 छात्र एवं 20 छात्राएँ शामिल हैं। जिन्हें 5 दिनों तक आवासीय रूप से रोबोटिक्स का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

 उद्घाटन कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर समीर बड़ा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी विद्यार्थियों को इतनी कम उम्र में रोबोटिक्स का ऐसा प्रशिक्षण मिलना भविष्य के लिए लाभकारी होगा। अच्छे माइंडसेट के साथ आप यह प्रशिक्षण प्राप्त करें। प्रशिक्षण के दौरान अपनी जिज्ञासा और शंकाओ के समाधान के लिए प्रश्न अवश्य पूछे। और अभ्यास के साथ स्वयं में निरंतर सुधार करने का प्रयास करें। उन्होंने ग्राफिक्स कार्ड और उसकी उपयोगिता, एनवीडिया जैसी अग्रणी तकनीकी कंपनी तथा डिजिटल गेम्स के पीछे कार्य करने वाली तकनीक के बारे में भी विद्यार्थियों को संक्षिप्त जानकारी दी। उन्होंने प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद विद्यार्थियों से विस्तृत फीडबैक देने को भी कहा। जिला प्रशासन की ओर से उन्होंने भविष्य में विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार की एडवांस ट्रेनिंग आयोजित किए जाने की भी बात कही।

 प्रशिक्षण में उपस्थित यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों को एकाग्रता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जिले में इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को आधुनिक प्रौद्योगिकी एवं नवाचार से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे प्रशिक्षण विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए भी तैयार करेगें। प्रशिक्षण में रेसरोबोटिक्स फाउंडेशन की ओर से प्रशिक्षक सुभाष देवांगन, दुर्गेश कुमार एवं श्री राजपूत विद्यार्थियों को पाँच दिनों तक रोबोटिक्स की सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक जानकारी प्रदान करेंगे। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को बेसिक सर्किट, टिंकरकैड, रोबोटिक्स गेम, विभिन्न प्रकार के बॉट, आरसी कार एवं ह्यूमनॉइड रोबोट, रोप कार, सेंसर असेंबली, सर्किट डायग्राम, प्रोग्रामिंग एवं कोडिंग, सिमुलेशन गेम, ड्रोन तकनीक, ड्राइंग पजल गेम, क्विज तथा स्थानीय समस्याओं के तकनीकी समाधान विकसित करने जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम के आयोजन हेतु यशस्वी जशपुर के श्री अवनीश पांडेय एवं श्री राजेन्द्र प्रेमी भी उपस्थित रहे।

Jashpur