नारायणपुर : नारायणपुर पुलिस ने महिला पर प्राणघातक हमला करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
दिनांक 22 जुलाई 2026 को थाना नारायणपुर में प्रार्थी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि पारिवारिक विवाद के दौरान आरोपी जगदेव वड़डे (30 वर्ष), निवासी ग्राम ताड़ोपाल, थाना ओरछा, जिला नारायणपुर ने अपनी रिश्तेदार महिला पर लकड़ी के डंडे से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई तथा जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। घायल महिला का जिला अस्पताल नारायणपुर में उपचाररत है।
प्रकरण में थाना नारायणपुर में अपराध क्रमांक 69/2026 अंतर्गत धारा 296, 115(2), 351(2), 109 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना कारित करना स्वीकार किया गया। घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा आरोपी के कब्जे से बरामद कर विधिवत जप्त किया गया।
दिनांक 23 जुलाई 2026 को आरोपी जगदेव वड़डे को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
नारायणपुर पुलिस आमजन से अपील करती है कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले किसी भी अपराध, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ अथवा अन्य आपराधिक कृत्य की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। प्रत्येक सूचना पर संवेदनशीलता, त्वरित कार्रवाई एवं विधिसम्मत कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान नारायणपुर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

