ग्राम पंचायतों की प्रगति पर कलेक्टर रोहित व्यास की सख्त समीक्षा, आवास, पेंशन, लखपति दीदी, स्वच्छता और सेवा सेतु योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए कड़े निर्देश

ग्राम पंचायतों की प्रगति पर कलेक्टर रोहित व्यास की सख्त समीक्षा, आवास, पेंशन, लखपति दीदी, स्वच्छता और सेवा सेतु योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए कड़े निर्देश

जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास ने ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा की

पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे योजनाओं का लाभ, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में ग्राम पंचायतों में संचालित विभिन्न विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्रत्येक योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे तथा क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही का शख्त कार्यवाही की जाएगी। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ श्री अभिषेक कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, श्रम विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई।

 समाज कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के सभी हितग्राहियों की आधार सीडिंग शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर पेंशन एवं अन्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।श्रम विभाग की समीक्षा में उन्होंने श्रमिक कल्याण योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, विशेष पंजीयन शिविर आयोजित करने तथा अधिक से अधिक श्रमिकों को योजनाओं से जोड़ने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री व्यास ने स्व-सहायता समूहों में महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजाति समुदायों को भी आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें रोजगार के अवसर मिलें, आय में वृद्धि हो तथा वे विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकें। उन्होंने लंबित बैंक लिंकेज प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने तथा महिला समूहों द्वारा संचालित उद्यमों को ऋण वितरण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

 बैठक में जानकारी दी है कि जिले में 48 हजार से अधिक लखपति दीदियां हैं। कलेक्टर ने विभिन्न विभागों की योजनाओं के अभिसरण के माध्यम से अधिक से अधिक महिलाओं को आयवर्धक गतिविधियों से जोड़कर लखपति दीदियों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। जनपद पंचायतों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत सभी आवासों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायतों में संचालित अन्य विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा में कलेक्टर ने ओडीएफ प्लस मॉडल, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, गांवों में नियमित कचरा संग्रहण, हाट-बाजारों की साफ-सफाई, व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालय निर्माण, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन तथा स्वच्छता श्रमदान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी गतिविधियों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूर्ण करने तथा मिशन के अंतर्गत निर्मित सभी शौचालयों की जियो-टैगिंग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 ग्रामीण स्तर पर सेवा सेतु का करें व्यापक प्रचार-प्रसार

कलेक्टर श्री व्यास ने अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों में किए जा रहे ट्रांजेक्शनों की समीक्षा करते हुए केंद्रों के प्रभावी एवं सुचारू संचालन के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ‘सेवा सेतु’ का ग्रामीण स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से 36 विभागों की 500 से अधिक शासकीय सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई हैं। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए नागरिक विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं शासकीय सेवाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और निर्धारित समय-सीमा में प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आय, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र, राशन कार्ड सहित अनेक आवश्यक सेवा प्राप्त करने के लिए घर बैठे अथवा जन सुविधा केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर इन सेवाओं का लाभ प्राप्त किया जा सकता है। कलेक्टर ने बताया कि सेवा सेतु की पूरी प्रक्रिया डिजिटल होने से आवेदनों की ऑनलाइन निगरानी और उनकी स्थिति ट्रैक करने की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक ग्रामीणों को सेवा सेतु के प्रति जागरूक कर डिजिटल सेवाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।

Jashpur