नारायणपुर पुलिस द्वारा आयोजित माड़ मैत्री फुटबॉल प्रतियोगिता सम्पन्न.
नारायणपुर जिले की 70 से अधिक टीम के बीच हुए मैच, जिनमें से कुल 16 टीमों ने फाइनल राउंड में दिखाया दमखम.
रोमांच चरम पर…पेनल्टी शूटआउट से तय हुआ तीसरे स्थान का फैसला, फाइनल में डीआरजी का धमाकेदार प्रदर्शन, माड़ मैत्री कप पर जमाया कब्जा !
70 से ज्यादा टीमों के बीच छिड़ी फुटबॉल की जंग का हुआ शानदार अंत ! डीआरजी बनी विजेता, कोहकामेटा उपविजेता, खेल के मैदान से पुलिस ने जीता जनता का भरोसा.
युवा शक्ति, खेल भावना और जनविश्वास का बना सशक्त संगम.
नारायणपुर : नारायणपुर में खेल, युवा शक्ति और जनविश्वास का अनूठा संगम देखने को मिला, जब पुलिस द्वारा आयोजित “माड़ मैत्री फुटबॉल प्रतियोगिता-2026” का भव्य समापन हुआ। जिलेभर की 70 से अधिक टीमों के बीच कड़े मुकाबलों के बाद सर्वश्रेष्ठ 16 टीमों ने फाइनल चरण में अपना दमखम दिखाया। रोमांचक मैचों, शानदार खेल भावना और खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन ने आयोजन को यादगार बना दिया। यह प्रतियोगिता केवल खेल तक सीमित नहीं रही, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और पुलिस-जनता के बीच विश्वास मजबूत करने का प्रभावी माध्यम भी बनी।
“माड़ मैत्री” अभियान के अंतर्गत नारायणपुर पुलिस द्वारा आयोजित माड़ मैत्री फुटबॉल प्रतियोगिता का आज भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन चार जोन नारायणपुर, बेनूर, छोटेडोंगर एवं कुतुल में किया गया था, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कुल 16 टीमों ने फाइनल चरण में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना का विकास करना, उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना तथा पुलिस एवं आमजन के मध्य आपसी विश्वास और सहभागिता को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।
समापन दिवस पर तृतीय स्थान के लिए बावड़ी एवं पालकी के मध्य मुकाबला खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं, जिसके बाद मैच का निर्णय पेनल्टी शूटआउट से हुआ। पेनल्टी शूटआउट में पालकी ने 2-0 से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इसके पश्चात प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला डीआरजी एवं कोहकामेटा के मध्य खेला गया। दोनों टीमों के बीच हुए रोमांचक मुकाबले में डीआरजी ने 1-0 से जीत दर्ज कर माड़ मैत्री फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 का खिताब अपने नाम किया, जबकि कोहकामेटा की टीम उपविजेता रही।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि माननीय श्री रूपसाय सलाम, अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ रहे। इस अवसर पर श्री नारायण मरकाम, अध्यक्ष जिला पंचायत नारायणपुर, श्री इंद्र प्रसाद बघेल, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद नारायणपुर, श्री जय प्रकाश शर्मा, उपाध्यक्ष नगर पालिका परिषद, श्री बिंदेश पात्र, महामंत्री भाजपा नगर मंडल, श्री संदीप कुमार पटेल, पुलिस अधीक्षक नारायणपुर, श्री अक्षय सबद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नारायणपुर, श्री आशीष कुमार नेताम, उप पुलिस अधीक्षक, श्री कुलदीप बंजारे, उप पुलिस अधीक्षक, रक्षित निरीक्षक श्री सोनू वर्मा, श्री मोहसिन खान सहित जनप्रतिनिधिगण, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
अतिथियों द्वारा विजेता टीमों एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में डीआरजी ने प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए ₹13,000 नगद पुरस्कार एवं विजेता ट्रॉफी, कोहकामेटा ने द्वितीय स्थान प्राप्त करते हुए ₹10,000 नगद पुरस्कार एवं उपविजेता ट्रॉफी तथा पालकी ने तृतीय स्थान प्राप्त करते हुए ₹7,000 नगद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्राप्त की। व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर मूलक नाग को बेस्ट गोलकीपर, मनीष कोवाची को बेस्ट प्लेयर तथा रमेश नुरेटी को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट की ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के सफल एवं निष्पक्ष संचालन में रेफरी के रूप में प्रहलाद, प्रकाश गोटा, प्रकाश पोटाई, रायसिंह, संजीत, आशीष गोटा, खुशबू नागवंशी एवं अंजली कचलाम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन समिति एवं अतिथियों द्वारा सभी रेफरियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, भाईचारे एवं सामाजिक समरसता का सशक्त माध्यम है। उन्होंने नारायणपुर पुलिस द्वारा माड़ मैत्री अभियान के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ने तथा पुलिस एवं आमजन के बीच विश्वास का वातावरण सुदृढ़ करने की इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों, रेफरियों, आयोजन समिति, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों एवं खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि माड़ मैत्री अभियान के माध्यम से खेल, संवाद और जनसहभागिता के जरिए पुलिस एवं आमजन के बीच विश्वास का सेतु निरंतर मजबूत हो रहा है। भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर आयोजित किए जाएंगे, जिससे युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिले तथा समाज में शांति, सद्भाव और आपसी विश्वास की भावना और अधिक सुदृढ़ हो।

