● बड़ी कार्रवाई: युवती का हाथ पकड़कर छेड़छाड़ करने और बीच-बचाव करने आए बुजुर्ग पर लाठी बरसाने वाले आरोपी को पुलिस ने दबोचा।
● जब्ती: आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा पुलिस द्वारा किया गया बरामद।
● कड़े कानून का शिकंजा: आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की छेड़छाड़, गाली-गलौज और मारपीट जैसी गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज।
बलौदाबाजार-भाटापारा : पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के कुशल निर्देशन में महिला संबंधी अपराधों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध जिला पुलिस द्वारा सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक युवती के घर के सामने अश्लील गाली-गलौज, मारपीट और छेड़छाड़ करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि प्रार्थीया ने शिकायत दर्ज कराई कि दिनांक 06.07.2026 के शाम लगभग 04:30 से 05:00 बजे के बीच, आरोपी लक्ष्मीनारायण यदु उर्फ बगल यदु उसके सामने आकर मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां बक रहा था। जब प्रार्थीया ने उसे गाली देने से मना किया, तो आरोपी आक्रोशित हो गया। उसने प्रार्थीया का हाथ पकड़कर अश्लील हरकत करते हुए बल प्रयोग किया। जब प्रार्थीया ने खुद को छुड़ाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उसके बाएं कान पर जोर से तमाचा जड़ दिया और कलाई में गंभीर चोटें आईं। प्रार्थीया के चिल्लाने पर जब उसकी मां और अन्य लोग बचाने आए, तो आरोपी ने उन पर भी बांस के डंडे से हमला कर उनके साथ जमकर मारपीट की।
आरोपी के घर पर दबिश देकर किया गिरफ्तार, हथियार बरामद- पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना भाटापारा ग्रामीण में अपराध क्रमांक 373/2026, धारा 74, 296, 115(2), 351(2) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम ने आरोपी के सकुनत (निवास) पर दबिश देकर आरोपी लक्ष्मीनारायण यदु उर्फ बगल यदु को हिरासत में लिया। गवाहों के समक्ष पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर उसके पास से घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा जप्त किया गया। मामले में आरोपी लक्ष्मीनारायण यदु को आज दिनांक 14.07.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
आरोपी- लक्ष्मीनारायण यदु उर्फ बगल यदु पिता राम कुमार यदु (उम्र 21 वर्ष), निवासी ग्राम सिंगारपुर, थाना भाटापारा ग्रामीण

