रास्ता रोककर कड़े और हाथ–मुक्के से बेरहमी से मारपीट कर लूटपाट करने वाले गिरोह का भंडाफोड़!
थाना गिधौरी–टुण्डरा पुलिस द्वारा राहगीरों से लूटपाट करने वाले विधि से संघर्षरत दो बालक सहित 03 आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
शराब पीने के लिए पैसे की मांग पूरी न होने पर राहगीर के गले से चांदी की चैन और अंगूठी लूटकर हुए थे फरार!
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के कुशल निर्देशन में गिधौरी टुण्डरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई; 03 आरोपी चढ़ा हत्थे!
मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर दबोचा गया आरोपी; लूट का माल और वारदात में प्रयुक्त होंडा साईन मोटरसाइकिल जब्त!
प्रकरण में लूटी गई चांदी की चैन और चांदी की अंगूठी सहित लूट का शत–प्रतिशत बरामद करने में मिली सफलता
बलौदाबाजार-भाटापारा : जिला बलौदाबाजार-भाटापारा में राहगीरों से लूटपाट, मारपीट और गुंडागर्दी करने वाले तत्वों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक श्री O.P. शर्मा के कुशल निर्देशन में एक और बड़ी कार्रवाई की गई है। थाना गिधौरी टुण्डरा पुलिस ने राहगीर का रास्ता रोककर, जान से मारने की धमकी देकर चांदी के जेवरात लूटने वाले गिरोह के 03 आरोपी को वारदात के चंद घंटों के भीतर ही धर दबोचा है।
घटना का संक्षिप्त विवरण: प्रार्थी पंकज कुमार वर्मा (उम्र 20 वर्ष, निवासी नवीन अमलीडीह) ने थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 12.07.2026 की रात्रि करीब 09:10 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल (CG 11 BK 2445) से अपने गांव लौट रहा था। करीब 09:35 बजे ग्राम बरपाली फ्लाईऐश ईंट भट्टे के पास पहुंचने पर, पीछे से आ रही एक होंडा साईन मोटरसाइकिल (CG 22 V 1127) में सवार तीन लड़कों ने ओवरटेक कर प्रार्थी की गाड़ी का रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने प्रार्थी से शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। पैसे नहीं होने की बात कहने पर तीनों आरोपियों ने एकराय होकर प्रार्थी को मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां दीं, जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के तथा हाथ में पहने लोहे/धातु के कड़े (चुड़े) से बेरहमी से प्रार्थी के सिर, आंख और शरीर पर प्राणघातक हमला कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने प्रार्थी के गले में पहनी चांदी की चैन और हाथ की उंगली से चांदी की अंगूठी जबरदस्ती लूट ली और धमकी देते हुए फरार हो गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर तत्काल अपराध क्रमांक: 145/2026 धारा 126(2),296,115(2), 351(3),309(4),3(5) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
गिधौरी टुण्डरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई और बरामदगी:- वारदात की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री ओ.पी. शर्मा के कड़े निर्देशों पर थाना प्रभारी गिधौरी टुण्डरा ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। दौरान विवेचना मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई कि वारदात में शामिल आरोपी क्षेत्र में ही छिपे हुए हैं। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए दबिश देकर संदेही नितेश साहू और उसके अन्य साथियों को हिरासत में लिया। पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने प्रार्थी पंकज वर्मा के साथ मारपीट व लूटपाट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त होंडा साईन मोटरसाइकिल (CG22 V 1127), लूटी गई चांदी की चैन और चांदी की अंगूठी को शत-प्रतिशत बरामद कर गवाहों के समक्ष विधिवत जब्त कर लिया है। अपराध सबूत पाए जाने पर आरोपियों को आज दिनांक 13.07.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
1. नितेश साहू पिता गणेश साहू, उम्र 18 वर्ष 07 माह, निवासी- ग्राम नवापारा (धमलपुर), थाना गिधौरी टुण्डरा
2. विधि से संघर्षरत 02 बालक

