विवेचना होगी और अधिक आधुनिक एवं प्रभावी, जशपुर जिले के विवेचकों को मिले 104 स्मार्ट मोबाइल,
डीआईजी एवं एसएसपी डाॅ. लाल उमेद सिंह ने विवेचकों को वितरित किए मोबाइल, ई-साक्ष्य संकलन एवं वैज्ञानिक विवेचना को मिलेगा बढ़ावा,
जशपुर : पुलिस मुख्यालय रायपुर द्वारा ASUMP Scheme 2025-26 (Modern/Special Plan) के अंतर्गत विवेचना कार्य को आधुनिक एवं तकनीक-सक्षम बनाने के उद्देश्य से जशपुर जिले के लिए सैमसंग कंपनी के 104 स्मार्ट मोबाइल उपलब्ध कराए गए हैं।
इन स्मार्ट मोबाइलों का वितरण दिनांक 06.07.2026 को पुलिस कार्यालय जशपुर के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डाॅ. लाल उमेद सिंह द्वारा जिले के समस्त विवेचकों को किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी बगीचा श्री दिलीप कुमार कोसले, एसडीओपी पत्थलगांव श्री धुर्वेश कुमार जायसवाल तथा उप पुलिस अधीक्षक श्री भावेश समरथ भी उपस्थित रहे।
डीआईजी एवं एसएसपी डाॅ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से विवेचना की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा। इन स्मार्ट मोबाइलों के माध्यम से विवेचक घटनास्थल का फोटो एवं वीडियो दस्तावेजीकरण, ई-साक्ष्य संकलन, गवाहों के बयान का डिजिटल रिकार्ड, जप्ती की प्रक्रिया का फोटो-वीडियो रिकार्ड तथा अन्य आवश्यक डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संकलित कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों पर आधारित विवेचना न्यायिक प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाएगी। डिजिटल साक्ष्यों के माध्यम से आरोपियों के विरुद्ध मजबूत एवं ठोस प्रमाण प्रस्तुत किए जा सकेंगे, जिससे न्यायालय में अपराध सिद्ध करने तथा दोषियों को दंड दिलाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
यह पहल जशपुर पुलिस की तकनीक-आधारित, पारदर्शी एवं प्रभावी विवेचना व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता में वृद्धि होगी तथा पीड़ितों को त्वरित एवं प्रभावी न्याय दिलाने में सहायता मिलेगी।

