जशपुर में शुरू हुआ मत्स्य बीज उत्पादन, मत्स्य कृषकों को अनुदान पर उपलब्ध कराया जा रहा बीज
अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति के हितग्राहियों को निःशुल्क स्पॉन, सरसों खली एवं जाल का वितरण
जशपुर : जिले में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मछली पालन विभाग द्वारा मत्स्य बीज उत्पादन कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इस वर्ष मछली पालन विभाग, जिला जशपुर को 1000 लाख स्पॉन उत्पादन का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसके विरुद्ध अब तक 80 लाख स्पॉन का उत्पादन किया जा चुका है। वहीं 140 लाख स्टैंड फाई उत्पादन का कार्य प्रगति पर है। विभाग द्वारा जिले के चयनित 20 अनुसूचित जनजाति एवं 5 अनुसूचित जाति के हितग्राहियों को मौसमी तालाबों में स्पॉन संवर्धन योजना के अंतर्गत निःशुल्क मत्स्य बीज स्पॉन, सरसों खली तथा जाल उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा मिल सके। मछली पालन विभाग ने बताया कि शासकीय मत्स्य बीज प्रक्षेत्र बधिमा (जशपुर) में स्पॉन 650 रुपये प्रति लाख की दर से उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं स्टैंड फाई/फिंगरलिंग पर 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। अर्थात 4,000 रुपये के मत्स्य बीज पर हितग्राही को 2,000 रुपये की छूट प्रदान की जाएगी।
जिले के शासकीय मत्स्य बीज प्रक्षेत्र बधिमा (जशपुर), शासकीय मत्स्य बीज संवर्धन प्रक्षेत्र मटासी (कुनकुरी), शासकीय मत्स्य बीज संवर्धन प्रक्षेत्र पालीडीह (पत्थलगांव) तथा शासकीय मत्स्य बीज संवर्धन प्रक्षेत्र कुरोंग (बगीचा) में मत्स्य कृषकों को स्टैंड फाई एवं फिंगरलिंग का वितरण एवं विक्रय किया जा रहा है। मत्स्य बीज प्राप्त करने के इच्छुक मत्स्य कृषक शासकीय मत्स्य बीज प्रक्षेत्र बधिमा (जशपुर) एवं मटासी (कुनकुरी) के लिए सहायक मत्स्य अधिकारी श्री प्रवीण कुमार शर्मा (मो. 9977789988), पालीडीह (पत्थलगांव) के लिए सहायक मत्स्य अधिकारी श्री रविशंकर (मो. 9244520073) तथा कुरोंग (बगीचा) के लिए मत्स्य निरीक्षक श्री अभिनीत कुमार सिंह (मो. 7999565025) से संपर्क कर मत्स्य बीज प्राप्त कर सकते हैं।

