चोरी गई बजाज पल्सर बरामद और चोरी में प्रयुक्त दूसरी पल्सर बाइक भी पुलिस ने की जब्त
चोरी के इरादे से अपनी बाइक लेकर निकला, पेट्रोल खत्म होने पर दूसरी बाइक चुराकर हुआ फरार
संदिग्ध हालत में घूमते मिले आरोपी से पूछताछ में खुला बाइक चोरी का राज, आरोपी वाहन चोरी में गया जेल
रायगढ़ : रायगढ़ जिले में वाहन चोरी के मामले में पूंजीपथरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई बाइक बरामद करने के साथ वारदात में इस्तेमाल दूसरी मोटरसाइकिल भी जब्त की है। मामले का खुलासा संदिग्ध युवक से पूछताछ के दौरान हुआ, जिसके बाद पूरी चोरी की कहानी सामने आई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर पूंजीपथरा पुलिस को 26 जून को पूंजीपथरा से चोरी हुई पल्सर बाइक में आरोपित को चोरी की बाइम के साथ गिरफ्तार करने में सफलता मिली है । पूंजीपथरा पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई बजाज पल्सर मोटरसाइकिल बरामद करने के साथ ही चोरी की वारदात में प्रयुक्त दूसरी पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
घर की परछी से चोरी हुई थी पल्सर बाइक –
जानकारी के अनुसार प्रार्थी आशीष कुमार बान्डेकर निवासी पूंजीपथरा ने 27 जून 2026 को थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसने अपनी नई बजाज पल्सर 125 (क्रमांक CG-13-BD-2757) को 26 जून की रात घर की परछी में खड़ी किया था। अगले दिन सुबह उठने पर मोटरसाइकिल गायब मिली। रिपोर्ट पर थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 149/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
संदिग्ध युवक से पूछताछ में खुला चोरी का राज –
माल मुल्जिम पतासाजी के दौरान पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान महुआ चौक, तुमीडीह के पास एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूमता मिला। पूछताछ में वह अपना सही परिचय नहीं दे सका। थाना लाकर कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम राम सिदार बताया और बाइक चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी ने बताया कि वह चोरी करने के इरादे से अपनी पल्सर मोटरसाइकिल (CG-13-AY-7026) से पूंजीपथरा आया था, लेकिन रास्ते में पेट्रोल समाप्त हो जाने पर उसने अपनी बाइक को रायगढ़ आयरन प्लांट के पास झाड़ियों में छिपा दिया। इसके बाद वह पूंजीपथरा बस्ती पहुंचा और एक मकान की परछी में खड़ी बजाज पल्सर चोरी कर अपने घर ले जाकर छिपा दी।
दोनों मोटरसाइकिलें बरामद, आरोपी न्यायिक रिमांड पर –
आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने उसके घर से चोरी गई बजाज पल्सर (CG-13-BD-2757) बरामद की तथा वारदात में प्रयुक्त उसकी पल्सर मोटरसाइकिल (CG-13-AY-7026) भी रायगढ़ आयरन प्लांट के पास झाड़ियों से जब्त की। मामले में कुल 2 लाख की संपत्ति जब्त की गई है। आरोपी के विरूद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी राम सिदार पिता स्व. मोहन सिदार, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम चिराईपानी, थाना पूंजीपथरा को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस प्रकरण की कार्रवाई में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रधान आरक्षक राजकुमार पैंकरा, आरक्षक विक्रम कुजूर, आरक्षक नरेन्द्र पैंकरा, आरक्षक विक्रांत भगत, आरक्षक हेम सागर पटेल एवं आरक्षक कीर्तन यादव की सराहनीय भूमिका रही है।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश — “वाहन चोरी जैसे संपत्ति संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता है। आमजन से अपील है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर लॉक कर रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।”

