हस्तलिखित मार्कशीट पर उठे सवालों का जवाब, शिक्षा विभाग बोला— छात्रों के हितों से नहीं किया गया कोई समझौता

हस्तलिखित मार्कशीट पर उठे सवालों का जवाब, शिक्षा विभाग बोला— छात्रों के हितों से नहीं किया गया कोई समझौता

विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता : समय पर उपलब्ध कराई गई अंकसूची, नियमित रूप से संचालित हुई पढ़ाई

जशपुर : जिला शिक्षा विभाग ने बोर्ड परीक्षा की मार्कशीट हस्तलिखित संबंधी प्राप्त शिकायतों के संबंध में स्पष्टीकरण जारी किया है। जिला शिक्षा अधिकारी जशपुर ने कहा है कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की गई थीं। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि कक्षा 5वीं एवं 8वीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित होने के बाद विद्यार्थियों के प्रवेश, अध्ययन-अध्यापन एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियाँ प्रभावित न हों, इसके लिए विभाग द्वारा उपलब्ध डिजिटल परिणामों के आधार पर अस्थायी अंक विवरण उपलब्ध कराया गया था। यह केवल एक अंतरिम प्रशासनिक व्यवस्था थी, ताकि विद्यार्थियों को समय पर आवश्यक शैक्षणिक दस्तावेज मिल सकें। उन्होंने बताया कि तकनीकी एवं मुद्रण संबंधी कारणों से मूल अंकतालिकाओं के वितरण में कुछ विलंब हुआ था, जिसे विभाग ने गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। इसके परिणामस्वरूप 15 जून 2026 को कक्षा 5वीं एवं 8वीं बोर्ड परीक्षा की मूल अंकसूचियाँ संबंधित विद्यालयों को उपलब्ध करा दी गईं।

 जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों में यह बताया गया है कि शिक्षक पढ़ाई छोड़कर केवल मार्कशीट तैयार करने में लगे रहे, जबकि वास्तविक स्थिति यह है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रथम दिवस से ही जिले के सभी विद्यालयों में नियमित रूप से अध्ययन-अध्यापन संचालित होता रहा। शिक्षकों ने विद्यार्थियों के हित में अतिरिक्त प्रशासनिक दायित्वों का भी सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उन्होंने बताया कि जिला एवं विकासखंड स्तर पर लगातार निगरानी रखी गई तथा मूल अंकतालिकाएँ उपलब्ध होते ही उन्हें संबंधित विद्यालयों तक पहुँचाने की कार्रवाई की गई। साथ ही सभी विकासखंडों एवं विद्यालयों को निर्देशित किया गया था कि अंकसूची के अभाव में किसी भी विद्यार्थी का प्रवेश बाधित न होने पाए। आवश्यकता पड़ने पर प्रमाणित अंक विवरण भी उपलब्ध कराए गए, जिससे विद्यार्थियों के शैक्षणिक हित पूरी तरह सुरक्षित रहे।

Jashpur