राजनांदगांव को मिली शिक्षा की नई उड़ान: डॉ. रमन सिंह ने स्पेस लैब, प्लैनेटेरियम का शुभारंभ कर बेटियों को सौंपीं साइकिलें

राजनांदगांव को मिली शिक्षा की नई उड़ान: डॉ. रमन सिंह ने स्पेस लैब, प्लैनेटेरियम का शुभारंभ कर बेटियों को सौंपीं साइकिलें

  • बेटियां हर क्षेत्र में बढ़ रही आगे : विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह
  • विधानसभा अध्यक्ष जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में हुए शामिल
  • स्पेस एजुकेशन लैब एवं प्लैनेटेरियम का किया शुभारंभ
  • नि:शुल्क सरस्वती सायकल योजना अंतर्गत बालिकाओं को किया सायकल का वितरण
  • विधानसभा अध्यक्ष ने बालिकाओं को मिठाई खिलाकर कराया शाला प्रवेश
  • बख्शी स्कूल में कॉमर्स विषय में अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई प्रारंभ करने एवं स्कूल परिसर में स्थायी डोम निर्माण की घोषणा की
  • विद्यार्थी मन लगाकर करें अध्ययन, पढ़ाई के लिए मोबाईल से बना लें दूरी
  • स्कूल कैम्पस में बाक्सिंग रिंग एवं तीरंदाजी के लिए सुविधा उपलब्ध
  • स्पेस एजुकेशन लैब एवं प्लैनेटेरियम विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और नवाचार की भावना को करेगा प्रोत्साहित

राजनांदगांव : विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आज पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिन्दी माध्यम विद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने स्पेस एजुकेशन लैब एवं प्लैनेटेरियम का शुभारंभ किया तथा नि:शुल्क सरस्वती सायकल योजना अंतर्गत बालिकाओं को सायकल का वितरण किया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बालिकाओं को मिठाई खिलाकर शाला प्रवेश कराया। उन्होंने कक्षा 11वीं की पढ़ाई के लिए इसी सत्र से कॉमर्स विषय में अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई प्रारंभ करने की घोषणा की। उन्होंने स्कूल परिसर में प्रार्थना एवं सभा के लिए स्थायी डोम निर्माण की घोषणा की। इस अवसर पर स्पेस एजुकेशन लैब एवं प्लैनेटेरियम के माध्यम से राजनांदगांव में शिक्षा के एक नये युग का सूत्रपात हुआ है।

       विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि इस बेहतरीन आयोजन का महत्व इसलिए बढ़ गया है कि बालिकाओं के लिए नि:शुल्क सरस्वती सायकल योजना अंतर्गत जिले में 6100 सायकल का वितरण किया जाना है और आज यहां स्कूल में 120 बालिकाओं को सायकल का वितरण किया गया है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक बालिकाएं स्कूल जाएं और उनकी पढ़ाई बाधित न हो। इसके लिए पहली से आठवीं तक के 82358 बच्चों को नि:शुल्क गणवेश तथा पाठ्य पुस्तक का वितरण किया गया है। वहीं कक्षा 9वीं एवं 10वीं के 23275 विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्य पुस्तक का वितरण किया जा रहा है। यहां स्कूल में ऑडिटोरियम, स्पेस एजुकेशन लैब एवं प्लैनेटेरियम की सौगात मिली है और स्कूल में अच्छी व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि बेटियों ने छत्तीसगढ़ का नाम रौशन किया है। उन्होंने क्रिकेट खिलाड़ी महक नरवासे का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम चयनित होने एवं उपकप्तान के रूप में चयनित होने पर राजनांदगांव जिले एवं प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, यहां कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत उपाध्यक्ष, जनपद उपाध्यक्ष, राजगामी संपदा न्यास की अध्यक्ष बेटियां है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने बेटियों को सम्मान के साथ अधिकार भी दिया है।

       विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिन्दी माध्यम विद्यालय, राजनांदगांव का प्रतिष्ठित विद्यालय है। यहां के बच्चों का बोर्ड परीक्षाओं में 99 प्रतिशत परिणाम रहा है। सरकार बच्चों के पढ़ाई के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि जिले में मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जहां भारतीय लोकसेवा आयोग की परीक्षा में चयनित युवा आईएएस अधिकारियों ने अपने अनुभव बताए। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि मेहनत करें और मन लगाकर अध्ययन करें। पढ़ाई के लिए मोबाईल से दूरी बना लें तथा रील न बनाए। उन्होंने कहा कि कलेक्टर, एसपी, शिक्षक, डॉक्टर, इंजीनियर एवं विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं देने के लिए मन लगाकर पढ़ाई करें। उन्होंने बताया कि 18 से 20 करोड़ रूपए की लागत से राजनांदगांव में नालंदा परिसर में लाईब्रेरी बन जाने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए किताबें खरीदने की जरूरत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि स्कूल कैम्पस में बाक्सिंग रिंग एवं तीरंदाजी के लिए सुविधा उपलब्ध करायी गई है। उन्होंने सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

       सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने सभी को शाला प्रवेशोत्सव की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने 16 जून से 27 जून तक शाला प्रवेशोत्सव मनाने के लिए तय किया है। यह केवल विद्यार्थियों के लिए नहीं बल्कि अभिभावकों के लिए भी महत्वपूर्ण है। विद्याधन के लिए शुभारंभ का महत्व है, इसके लिए सरकार ने अनेक तैयारियां की है। इसी कड़ी में आज यहां बालिकाओं को सायकल का वितरण किया गया है। शासन द्वारा बच्चों की पढ़ाई के लिए हरसंभव कार्य किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि बच्चे अच्छे से पढ़ाई करें और अपनी प्रतिभा को तराशें। आज यहां खगोलीय घटना के दृष्टिगत तारा मंडल में तारा और नक्षत्रों की भूमिका के लिए प्लैनेटेरियम का शुभारंभ किया गया है, वहीं स्पेस लैब में बेटियों ने बहुत अच्छी जानकारी दी।

       जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह ने प्रतिवेदन का वाचन किया। उन्होंने बताया कि 25-25 लाख रूपए की लागत से डीएमएफ मद से स्पेस एजुकेशन लैब एवं प्लैनेटेरियम का निर्माण किया गया है। इसके साथ ही परिसर में बाक्सिंग रिंग का संभाग स्तरीय शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि स्कूल के विद्यार्थियों का बोर्ड परीक्षा में बहुत अच्छा परिणाम रहा। कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 99 प्रतिशत परिणाम रहा। उन्होंने बताया कि जिले में आईएएस, नीट, जेईई, क्लैट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जिला प्रशासन द्वारा मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

       इस अवसर पर महापौर श्री मधुसूदन यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, अध्यक्ष जनपद पंचायत राजनांदगांव श्री प्रतिमा चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती किरण साहू, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित के अध्यक्ष श्री सचिन बघेल, राजगामी संपदा न्यास की अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा साहू, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित के उपाध्यक्ष श्री भरत वर्मा, श्री कोमल सिंह राजपूत, पूर्व सांसद श्री प्रदीप गांधी, श्री खूबचंद पारख, श्री भावेश बैद, श्री उत्तम साहू, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री देवशरण साहू, श्री राजा माखिजा, श्रीमती खोमिन यादव, अमृता सिन्हा, श्री गौरव गुप्ता, श्री शिव वर्मा, अनिता सिन्हा, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रवास सिंह बघेल, स्कूल की प्राचार्य श्रीमती सुनिता खरे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, बालिकाएं व अभिभावक उपस्थित थे।

       स्पेस एजुकेशन लैब एवं प्लैनेटेरियम विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करेगा। बच्चे विज्ञान की दुनिया में नए भविष्य की ओर एक कदम बढ़ाएंगे। खगोल विज्ञान की रोमांचक यात्रा, आधुनिक डिजिटल प्रोजेक्शन सिस्टम, छात्रों के लिए ज्ञानवर्धक अनुभव, विज्ञान के प्रति जिज्ञासा को बढ़ावा, भविष्य के वैज्ञानिकों की नई उड़ान के लिए बच्चों को प्रेरित किया गया। राकेट साईंस, चंद्रयान-3, वैज्ञानिकों के जीवन, ड्रोन पायलेट, मंगलयान, इसरो की यात्रा को बताया गया। वही खगोलीय घटनाएं चंद्रग्रहण, सूर्यग्रहण की भी जानकारी मिलेगी।

Chhattisgarh