वरिष्ठजनों के सम्मान का मॉडल बना सियान गुड़ी, प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टरों ने देखी संवेदनशील प्रशासन की झलक

वरिष्ठजनों के सम्मान का मॉडल बना सियान गुड़ी, प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टरों ने देखी संवेदनशील प्रशासन की झलक

प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टरों ने किया सियान गुड़ी का अवलोकन

वरिष्ठ नागरिकों की जरूरतें और प्रशासन की भूमिका को करीब से समझने का मिला अवसर

जशपुर : जशपुर के भागलपुर रोड स्थित डे-केयर सेंटर सियान गुड़ी वरिष्ठ नागरिकों की सेवा, सम्मान और देखभाल के लिए समर्पित एक आदर्श केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। यहां वरिष्ठ नागरिकों को एक ही छत के नीचे स्वास्थ्य, मनोरंजन, पठन-पाठन एवं सामाजिक सहभागिता जैसी अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप वरिष्ठजनों के बेहतर जीवन, सम्मान और देखभाल के उद्देश्य से संचालित इस केंद्र का विगत दिवस छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी, निमोरा से आए 2025 बैच के प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टरों के दल ने अवलोकन किया। इस दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों ने न केवल केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, बल्कि वरिष्ठ नागरिकों के साथ आत्मीय संवाद कर उनके जीवन अनुभवों को भी करीब से जाना। इस दौरान उन्हें प्रशासनिक दक्षता के साथ मानवीय संवेदनशीलता और जरूरतमंद नागरिकों की समस्याओं को समझकर उनका प्रभावी समाधान करने के तरीके को जानने का अवसर भी मिला।

 प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर श्री रविशंकर वर्मा, सुश्री निधि प्रधान, सुश्री नंदनी साहू, श्री मनीष बघेल, श्री सौरभ दीवान, श्री लखेश्वर यादव एवं श्री सत्येन्द्र कुमार बंजारे ने वरिष्ठ नागरिकों के साथ समय बिताया और उनके अनुभवों से प्रेरणा प्राप्त की। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध मनोरंजन की सुविधाओं, जैसे रेडियो, टेलीविजन, कैरम, लूडो एवं अन्य इनडोर खेलों का अवलोकन किया। साथ ही पुस्तकालय, धार्मिक एवं प्रेरणादायी पुस्तकों, योग, फिजियोथैरेपी, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी भी ली। प्रशिक्षु अधिकारियों ने सियान गुड़ी में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विकसित किए गए आत्मीय एवं सुविधायुक्त वातावरण की सराहना भी की।

 उल्लेखनीय है कि सियान गुड़ी में वर्तमान में जिले के 105 वरिष्ठ नागरिक पंजीकृत हैं। यहां प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक वरिष्ठ नागरिकों के लिए मनोरंजन, पुस्तकालय, स्वल्पाहार, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, योग एवं फिजियोथैरेपी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इन सेवाओं के माध्यम से बुजुर्गों को न केवल शारीरिक स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है, बल्कि वे मानसिक रूप से प्रसन्न, सामाजिक रूप से सक्रिय और आत्मविश्वास से परिपूर्ण जीवन भी जी रहे हैं। सियान गुड़ी वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और संवेदनशील प्रशासन का एक प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभर रहा है।

Jashpur