हत्या के प्रयास के फरार आरोपी को रेलवे स्टेशन बिलासपुर से किया गया गिरफ्तार
आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ब्लेड एवं स्कूटी जप्त
घटना के बाद महाराष्ट्र भाग गया था आरोपी, पुलिस की सतत पतासाजी से गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपी मो. समीर पिता मो. शब्बीर, उम्र 25 वर्ष निवासी – साईं मंदिर के पास, तालापारा, थाना सिविल लाइन, जिला बिलासपुर (छ.ग.)
बिलासपुर : दिनांक 15.06.2026 को आहत साहिल बर्मन के साथ किसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान आरोपी मो. समीर ने उस पर ब्लेड से गर्दन पर घातक वार कर गंभीर चोट पहुंचाई तथा घटना के बाद फरार हो गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 371/2026 धारा 109(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री गगन कुमार (भा.पु.से.) को अवगत कराया गया, जिनके निर्देशन में फरार आरोपी की लगातार पतासाजी की जा रही थी।
विवेचना के दौरान सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी रेलवे स्टेशन बिलासपुर क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया तथा घटना के बाद अपनी स्कूटी रेलवे स्टेशन पार्किंग में खड़ी कर भंडारा (महाराष्ट्र) भाग जाना बताया।
आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ब्लेड एवं स्कूटी क्रमांक CG 10/BG 5265 को रेलवे स्टेशन पार्किंग से जप्त किया गया।
आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

