अवैध रेत भंडारण पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई जारी
बगीचा के गुडलू में 135 घनमीटर रेत जब्त
83 हजार रुपये से अधिक अर्थदंड एवं राजस्व की गई वसूल
जशपुर : जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर जिला प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है। इसी क्रम में अवैध रेत डंप एवं रेत तस्करी संबंधी शिकायत पर खनिज विभाग द्वारा जांच एवं कार्रवाई की गई। जांच के दौरान बगीचा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत गुडलू में 19 जून 2026 को 135 घनमीटर रेत का अवैध भंडारण पाया गया। खनिज विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से भंडारित रेत को जब्त कर लिया तथा खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज किया।
कार्रवाई के दौरान अवैध रेत भंडारण के मामले में 40 हजार 780 रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया। इसके अतिरिक्त अवैध रेत परिवहन के चार अलग-अलग प्रकरण दर्ज करते हुए 42 हजार 736 रुपये की राशि खनिज मद में जमा कराई गई।
सहायक खनि अधिकारी जशपुर ने बताया कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित हो सके तथा शासन को राजस्व की हानि न हो। जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन या भंडारण की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।

