कलेक्टर रोहित व्यास ने नए शैक्षणिक सत्र में शिक्षा व्यवस्था की कसावट के लिए छात्रावास का किया निरीक्षण
प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास रौनी पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अनुपस्थित छात्राओं की उपस्थिति सुनिश्चित कराने दिए निर्देश
जशपुर : नए शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ होते ही विद्यालयों में अध्ययन-अध्यापन की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति तथा शैक्षणिक व्यवस्थाओं का आकलन कर उनमें और अधिक सुधार एवं कसावट लाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने विभिन्न विद्यालयों एवं छात्रावासों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षण व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति, मूलभूत सुविधाओं एवं छात्रावास संचालन की व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसी क्रम में कलेक्टर श्री व्यास ने बुधवार को प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास रौनी, विकासखंड बगीचा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास में प्रदर्शित सूचना बोर्ड पर सामान्य ज्ञान एवं समसामयिक जानकारी के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रमुख संवैधानिक एवं प्रशासनिक पदों पर आसीन व्यक्तियों के नाम अंकित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने छात्रावास परिसर का निरीक्षण करते हुए जिन स्थानों पर पंखों की व्यवस्था नहीं है, वहां शीघ्र पंखे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने बिजली के अव्यवस्थित एवं खुले तारों को तत्काल व्यवस्थित कराने को कहा, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके।
उन्होंने छात्रावास अधीक्षिका श्रीमती सुमित्रा नायक को निर्देशित किया कि जो छात्राएं अभी तक छात्रावास में उपस्थित नहीं हुई हैं, उनसे तथा उनके पालकों से संपर्क स्थापित कर उनकी उपस्थिति सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ से ही छात्राओं की नियमित उपस्थिति आवश्यक है, जिससे वे अध्ययन-अध्यापन की गतिविधियों में पूर्ण रूप से सहभागी बन सकें और शिक्षा का अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें। कलेक्टर ने छात्रावास परिसर, कमरों एवं शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने परिसर में स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इससे विषैले जीव-जंतुओं के खतरे से बचाव किया जा सकेगा। साथ ही छात्रावास में पेयजल की समुचित एवं निर्बाध व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार श्री तोष कुमार सिंह, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री सुदर्शन पटेल, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनोद सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

