“डायल 112 बनी रक्षक : थाना गिधौरी पुलिस ने बिच्छू दंश के शिकार बुजुर्ग की बचाई जान.
बलौदाबाजार-भाटापारा : मानवता और सेवा का परिचय देते हुए थाना गिधौरी पुलिस की डायल 112 टीम ने एक बार फिर अपनी तत्परता साबित की है। मध्यरात्रि में बिच्छू दंश से पीड़ित 80 वर्षीय बुजुर्ग की जान बचाने के लिए पुलिस जवानों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। समय पर मिली सहायता और उपचार से बुजुर्ग की जान बच गई, जिससे क्षेत्र में पुलिस की संवेदनशील और जनसेवी छवि और मजबूत हुई है।
समाज में पुलिस की छवि को और अधिक मानवीय और सेवाभावी बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उदाहरण पेश करते हुए, थाना गिधौरी क्षेत्र में तैनात डायल 112 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बुजुर्ग की जान बचाई। आज दिनांक 15-16 जून 2026 की मध्यरात्रि लगभग 12:30 बजे, डायल 112 को क्षेत्र में एक आपातकालीन कॉल प्राप्त हुई। कॉल पर जानकारी दी गई कि एक बुजुर्ग व्यक्ति को बिच्छू ने काट लिया है और उन्हें तत्काल चिकित्सीय सहायता की आवश्यकता है।
त्वरित प्रतिक्रिया और बचाव – डायल 112 वाहन, जिसमें उस समय ड्यूटी पर आरक्षक कमलेश बर्मन थाना गिधौरी एवं चालक रूपेश साहू तैनात थे, इन्हें जैसे ही इवेंट की सूचना मिली, वे बिना किसी देरी के घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। घटनास्थल पर पहुँचकर आरक्षक कमलेश बर्मन ने कॉलर से बात की और स्थिति की गंभीरता को समझा। बिच्छू दंश के शिकार बुजुर्ग की पहचान भुनेश्वर सांडे, उम्र 80 वर्ष के रूप में हुई। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए, टीम ने उन्हें तुरंत डायल 112 वाहन में बिठाया। रात के सन्नाटे और आपातकालीन परिस्थिति में, पुलिस टीम ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बरपाली पहुंचाया।
अस्पताल में भर्ती और उपचार – प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरपाली पहुँचकर, पुलिस टीम ने बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों की टीम ने तुरंत उनका इलाज शुरू कर दिया। समय पर अस्पताल पहुँचने और त्वरित उपचार मिलने के कारण बुजुर्ग की हालत अब स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
थाना गिधौरी क्षेत्र में तैनात डायल 112 टीम की यह त्वरित कार्रवाई, विशेषकर आरक्षक कमलेश बर्मन एवं चालक रूपेश साहू की तत्परता और संवेदनशीलता, यह साबित करती है कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था ही नहीं, बल्कि आम जनमानस की सुरक्षा और सहायता के लिए भी सदैव तत्पर है। उनकी इस सेवा भावना की क्षेत्र के नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है।

