सस्ते सोने के लालच में फंसाते थे लोग, फिर करते थे बड़ा खेल! दुर्ग पुलिस ने दबोचा नकली गोल्ड रैकेट — 1.242 किलो फर्जी ‘सोना’, कार और मोबाइल समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

सस्ते सोने के लालच में फंसाते थे लोग, फिर करते थे बड़ा खेल! दुर्ग पुलिस ने दबोचा नकली गोल्ड रैकेट — 1.242 किलो फर्जी ‘सोना’, कार और मोबाइल समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग पुलिस ने नकली सोने को असली बताकर सस्ते दाम में बेचने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले अंतरजिला गिरोह के 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

आरोपी जमीन में गड़ा हुआ खजाना एवं हंडे में मिले सोने की कहानी बनाकर लोगों को विश्वास में लेते थे तथा नकली धातु को असली सोना बताकर ठगी करते थे।

आरोपियों के कब्जे से लगभग 1.242 किलोग्राम सोने जैसे दिखने वाले नकली धातु के बिस्किट, एक नकली सिक्का, वाहन, मोबाइल फोन एवं अन्य साक्ष्य सामग्री जप्त की गई है।

तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर पुलिस ने संगठित ठगी करने वाले गिरोह का सफलतापूर्वक खुलासा किया है।

दुर्ग : प्रार्थी जितेंद्र साहू निवासी बोरसी की रिपोर्ट पर थाना उतई में अपराध क्रमांक 288/2026, धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपीगण लोगों को यह विश्वास दिलाते थे कि उन्हें जमीन में गड़ा हुआ हंडा मिला है, जिसमें सोने के बिस्किट एवं सिक्के प्राप्त हुए हैं। आरोपी नकली धातु को असली सोना बताकर कम कीमत में बेचने का प्रलोभन देते थे तथा इस प्रकार लोगों से धन प्राप्त कर धोखाधड़ी करते थे।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए विभिन्न जिलों में दबिश दी गई। तकनीकी विश्लेषण, भौतिक साक्ष्य एवं सतत निगरानी के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से बरामद धातु प्रथम दृष्टया नकली प्रतीत हो रही है, जिसका उपयोग लोगों को ठगने के उद्देश्य से किया जाता था।

घटना का कारण :

नकली धातु को असली सोना बताकर सस्ते दाम में बेचने का प्रलोभन देकर आर्थिक लाभ अर्जित करने की मंशा से धोखाधड़ी करना।

आरोपी का विवरण :

1. दिनेश कुमार टंडन, उम्र 50 वर्ष, निवासी गाड़ाडीह, थाना उतई, जिला दुर्ग।

2. पन्नालाल कुर्रे, उम्र 42 वर्ष, निवासी सीपत पिपरिया, जिला कोरबा।

3. गणेशराम गंधर्व, उम्र 56 वर्ष, निवासी सहसपुर लोहारा, जिला कबीरधाम।

4. रामस्वरूप रौतेल, उम्र 30 वर्ष, निवासी जगतपुर, थाना करंजिया, जिला डिंडोरी (मध्यप्रदेश)।

5. भानुप्रताप डहरिया, उम्र 40 वर्ष, निवासी तारा भाटापारा, थाना पाटन, जिला दुर्ग।

जप्त सामग्री :

1. लगभग 01 किलो 242 ग्राम वजन के सोने जैसे दिखने वाले नकली धातु के बिस्किट।

2. एक सोने के सिक्के जैसा दिखने वाला धातु का सिक्का, वजन लगभग 6.38 ग्राम।

3. घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार क्रमांक CG-04-HC-6220।

4. मोबाइल फोन एवं अन्य साक्ष्य सामग्री।

विशेष तथ्य :

प्रारंभिक जांच में आरोपी पन्नालाल कुर्रे के विरुद्ध इसी प्रकार की ठगी से संबंधित अन्य प्रकरणों की जानकारी प्राप्त हुई है। आरोपी दिनेश कुमार टंडन के विरुद्ध पूर्व में मारपीट एवं संपत्ति संबंधी अपराध दर्ज होना पाया गया है।

सराहनीय भूमिका :

थाना उतई पुलिस टीम द्वारा तकनीकी विश्लेषण, सतत निगरानी, समन्वित कार्रवाई एवं त्वरित विवेचना के माध्यम से अंतरजिला ठगी गिरोह का सफलतापूर्वक खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई।

दुर्ग पुलिस की अपील :

किसी भी व्यक्ति द्वारा सस्ते दाम पर सोना, चांदी अथवा अन्य बहुमूल्य वस्तुएं बेचने का प्रलोभन दिए जाने पर बिना सत्यापन कोई लेन-देन न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा धोखाधड़ी की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें।

Crime