रायपुर-दुर्ग को मिली बड़ी बिजली सौगात, भिलाई उपकेंद्र की क्षमता बढ़कर हुई 160 एमवीए, बिजली आपूर्ति होगी और मजबूत, सीएसपीटीसीएल ने सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत किया नया पावर ट्रांसफॉर्मर.

रायपुर-दुर्ग को मिली बड़ी बिजली सौगात, भिलाई उपकेंद्र की क्षमता बढ़कर हुई 160 एमवीए, बिजली आपूर्ति होगी और मजबूत, सीएसपीटीसीएल ने सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत किया नया पावर ट्रांसफॉर्मर.

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीटीसीएल) ने राजधानी सहित दुर्ग की विद्युत पारेषण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। 220/132 केवी उपकेंद्र, भिलाई में 160 एमवीए क्षमता के पावर ट्रांसफॉर्मर की स्थापना की गई। इसे छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक श्री राजेश कुमार शुक्ला ने बटन दबाकर ऊर्जीकृत कर दिया।

इस अवसर पर प्रबंध निदेशक श्री शुक्ला ने परियोजना से जुड़े सभी अधिकारियों, अभियंताओं एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि सीएसपीटीसीएल राज्य की विद्युत पारेषण प्रणाली को आधुनिक, सुदृढ़ एवं विश्वसनीय बनाने के लिए निरंतर कार्यरत है तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर मुख्य अभियंता (सब-स्टेशन) श्री अब्राहम वर्गीज, मुख्य अभियंता (सिविल) श्री संजय तिवारी, अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री आर. के. तिवारी सहित सीएसपीटीसीएल एवं सीएसपीडीसीएल के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि उपकेंद्र की क्षमता वृद्धि योजना के अंतर्गत पूर्व स्थापित 125 एमवीए पावर ट्रांसफॉर्मर की क्षमता को बढ़ाकर 160 एमवीए किया गया है। इस क्षमता वृद्धि से भिलाई एवं आसपास के औद्योगिक, वाणिज्यिक तथा घरेलू उपभोक्ताओं को अधिक विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

Chhattisgarh