रायपुर : दिनांक 31.05.2026 को थाना सरस्वती नगर पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि थाना सरस्वती नगर क्षेत्रांतर्गत कुकुरबेड़ा स्थित ओवरब्रिज के नीचे एक महिला अपने पास गांजा रखे हुए है तथा उसे बिक्री करने की फिराक में है।
उक्त सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) श्री संदीप कुमार पटेल द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों एवं थाना प्रभारी को सूचना की तस्दीक करते हुए महिला आरोपी को मादक पदार्थ सहित गिरफ्तार करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं थाना प्रभारी सरस्वती नगर के नेतृत्व में थाना सरस्वती नगर पुलिस की टीम द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुँचकर महिला आरोपी की पतासाजी कर उसे चिन्हांकित करते हुए घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम खुशी देवार बताया। पुलिस टीम के सदस्यों द्वारा उसके पास रखे थैले की तलाशी लेने पर थैले में गांजा रखा होना पाया गया।
महिला आरोपी खुशी देवार को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कुल 2.040 किलोग्राम गांजा, अनुमानित बाजार मूल्य ₹1,00,000/- जप्त किया गया तथा महिला आरोपी के विरुद्ध थाना सरस्वती नगर में अपराध क्रमांक 109/2026, धारा 20(ख) नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस अधिनियम, 1985 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत कार्यवाही की गई।
गिरफ्तार महिला आरोपी का विवरण
नाम खुशी देवार
पति का नाम सुंदर उर्फ बुंदर देवार
आयु 19 वर्ष
निवास देवार बस्ती, कुकुरखेड़ा, थाना सरस्वती नगर, रायपुर
गिरफ्तार महिला आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना सरस्वती नगर पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध इस प्रकार की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।

