कुनकुरी : नगर के खेल मैदान में आयोजित KPL चैप्टर 4 का ग्रैंड फाइनल रविवार की रात क्रिकेट प्रेमियों के लिए यादगार बन गया। हजारों दर्शकों की मौजूदगी, भव्य आतिशबाजी, राष्ट्रगान और खिलाड़ियों के शानदार स्वागत के बीच पूरा मैदान उत्साह और रोमांच से गूंज उठा। फाइनल मुकाबले में कुनकुरी इंडियंस (MI) ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कुनकुरी किंग्स (PBKS) को 16 रन से हराकर KPL चैप्टर 4 की चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम कर ली। पूरे मैच के दौरान चौकों-छक्कों की बरसात और रोमांचक गेंदबाजी ने दर्शकों को आखिरी गेंद तक बांधे रखा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत जशपुर के अध्यक्ष सालिक साय, भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह, SDM कुनकुरी नंदजी पांडेय एवं ईशा नर्सिंग होम के डॉ. पी. सी. कुजूर की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया। फाइनल मुकाबले को लेकर पूरे नगर में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया और मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहा।
अनंत मिरास मिंज की तूफानी पारी ने पलटा मैच
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी MI की शुरुआत दबाव भरी रही, लेकिन इसके बाद अनंत मिरास मिंज ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मैच का पूरा रुख बदल दिया। उन्होंने मात्र 19 गेंदों में 47 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 3 शानदार छक्के शामिल रहे। उनकी बल्लेबाजी ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। आलोक गुप्ता ने 22 रन और कृष्णा ने नाबाद 16 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। निर्धारित 10 ओवर में MI ने 104/4 रन बनाकर PBKS के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा।
PBKS की तेज शुरुआत, लेकिन MI के गेंदबाजों ने पलट दी बाजी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी PBKS की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। कप्तान पंकज राम ने मात्र 6 गेंदों में 19 रन ठोककर टीम को तेज शुरुआत दिलाई, जबकि प्रीतेश चौहान ने 23 रनों की उपयोगी पारी खेली। लेकिन नियमित अंतराल में विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। MI के गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए मैच को पूरी तरह अपनी पकड़ में ले लिया। ओम सिदार ने घातक गेंदबाजी करते हुए 2 ओवर में सिर्फ 6 रन देकर 2 विकेट हासिल किए, वहीं अजय गुप्ता ने भी 2 विकेट लेकर PBKS की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अंततः PBKS की टीम 10 ओवर में 88/9 रन ही बना सकी और MI ने 16 रन से ऐतिहासिक जीत दर्ज कर KPL चैप्टर 4 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
पुरस्कार राशि ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
फाइनल मुकाबले में अनंत मिरास मिंज को उनकी शानदार 47 रनों की विस्फोटक पारी के लिए “मैन ऑफ द मैच” चुना गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले पंकज राम (PBKS) को “मैन ऑफ द सीरीज” का पुरस्कार दिया गया। ऑरेंज कैप मन्नू मेहरा (CSK), पर्पल कैप फैज अंसारी (RR), बेस्ट विकेटकीपर आलोक गुप्ता (MI), इमर्जिंग प्लेयर डोलरिच (PBKS), फेयर प्ले अवार्ड KKR टीम तथा यंगेस्ट प्लेयर का सम्मान चिराग जैन को मिला।
प्रतियोगिता में विजेता टीम MI को ₹1,00,000 एवं ट्रॉफी, उपविजेता PBKS को ₹51,000 एवं ट्रॉफी, तृतीय स्थान पर CSK को ₹21,000 तथा चतुर्थ स्थान पर RR को ₹11,000 की पुरस्कार राशि और आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की गई।
शानदार आयोजन और बेहतरीन संचालन ने जीता दिल
पूरे टूर्नामेंट के सफल आयोजन में KPL चेयरमैन CA बिनीत कुमार जिंदल, सचिव महेश त्रिपाठी एवं अध्यक्ष चेतन गुप्ता “चिंटू” की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति सदस्य विवेक बजाज, प्रकाश राणा, आशीष सिंह चंकी, राजा बाघवार, लिंकन केरकेट्टा, अर्जू नागेशिया एवं पूरी आयोजन समिति लगातार व्यवस्था संभालने में जुटी रही।
अंपायरिंग में अभिषेक झा, प्रीतम महंत, मयूर गर्ग, अमित नायक, सुधीर सिन्हा, अरविंद नांदे एवं राकेश करमाली ने सराहनीय भूमिका निभाई, जबकि कॉमेंट्री में नितीश शर्मा, सुनील राय, राकेश सिंह, राहुल बजाज, ओम गुप्ता, रवि चौहान एवं विनय सनवासी ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। स्कोरिंग की जिम्मेदारी सारांश सिंह गन्नू एवं समीम शेख ने निभाई। KPL चैप्टर 4 ने न केवल कुनकुरी में क्रिकेट का जुनून बढ़ाया, बल्कि युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक शानदार मंच भी प्रदान किया।
KPL चैप्टर 4 ने कुनकुरी में क्रिकेट का नया इतिहास रच दिया
KPL चैप्टर 4 का यह सीजन रोमांच, जोश, शानदार मुकाबलों और युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा से भरपूर रहा। पूरे टूर्नामेंट में हर दिन दर्शकों की भारी भीड़ देखने को मिली। फाइनल मुकाबले के साथ यह सीजन भले ही समाप्त हो गया हो, लेकिन क्रिकेट प्रेमियों के दिलों में इसकी यादें लंबे समय तक जिंदा रहेंगी।

