टेकुल के अजीत एक्का को मिला किसान क्रेडिट कार्ड, अब समय पर मिलेगा खाद-बीज
जयेश को भी प्रदान किया गया जाति प्रमाण-पत्र
जशपुर : मुख्यमंत्री के सुशासन संकल्प को धरातल पर उतारते हुए ग्राम बड़ाकरौंजा में सुशासन तिहार शिविर का सफल आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय से 18 किमी दूर स्थित इस गांव में आयोजित शिविर जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। जशपुर एसडीएम सहित जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित इस शिविर में आसपास के 15 गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए पहुंचे।
शिविर में ग्रामीणों से कुल 235 आवेदन प्राप्त हुए। जिनका संबंधित विभागों ने तत्परता दिखाते हुए अधिकांश आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया। जशपुर विधायक श्रीमती भगन ने सामाजिक सरोकार के तहत् 3 नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार और 3 महिलाओं की गोद भराई रस्म पूरी की।
शिविर में 08 हितग्राहियों को नए राशन कार्ड, 03 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के पूर्णता प्रमाण-पत्र, 14 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड, 4 किसानों को उर्वरक तथा 25 मेधावी छात्रों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। विधायक श्रीमती भगत ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। सुशासन तिहार इसी दिशा में एक प्रभावी कदम है।
बड़ाकरौंजा के सुशासन तिहार शिविर में टेकुल ग्राम के अजीत एक्का को किसान क्रेडिट कार्ड और रायगढ़ से आए जयेश कुमार मिंज को भी जाति प्रमाण-पत्र तैयार कर प्रदान किया गया। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद देते हुए कहा कि सरकार की इस पहल से अब उन्हें खेती के लिए साहूकारों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और समय पर खाद-बीज मिल सकेगा।

