कुनकुरी खेल मैदान में रोमांच का डबल धमाका, चौकों-छक्कों और विकेटों की बारिश से गूंजा पूरा स्टेडियम
कुनकुरी : कुनकुरी प्रीमियर लीग (KPL) चैप्टर 4 में क्रिकेट का रोमांच अब अपने चरम पर पहुंच चुका है। हर मुकाबले के साथ टूर्नामेंट और ज्यादा दिलचस्प होता जा रहा है। सोमवार को खेले गए दो मुकाबलों में जहां कुनकुरी रॉयल्स (RR) ने रॉयल चैलेंजर कुनकुरी (RCB) को शानदार अंदाज में हराया, वहीं कुनकुरी नाइट राइडर्स (KKR) ने दमदार प्रदर्शन करते हुए Kunkuri Super Giants (LSG) को मात देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। मैदान में हर चौके-छक्के पर तालियों और नारों की गूंज सुनाई देती रही।
शुभम राज गुप्ता की घातक गेंदबाजी से RCB ढेर, अमन खुटिया ने दिलाई RR को शानदार जीत
दिन के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर कुनकुरी (RCB) की शुरुआत बेहद खराब रही। लगातार विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। कप्तान रोहित ने 22 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की, जबकि अमित कुमार बघेल ने नाबाद 24 रन बनाकर स्कोर को 78 रन तक पहुंचाया।
लेकिन मैच का पूरा रुख बदल दिया RR के गेंदबाज शुभम राज गुप्ता ने। उन्होंने कहर बरपाती गेंदबाजी करते हुए मात्र 11 रन देकर 5 विकेट झटक लिए। उनकी सटीक लाइन-लेंथ के सामने RCB के बल्लेबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। वहीं Md फैज अंसारी ने भी 2 विकेट लेकर टीम की पकड़ मजबूत की।
79 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी RR टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रवैया अपनाया। कप्तान शोएब अख्तर खानबी ने तेज 30 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दी, जबकि अमन खुटिया ने शानदार 38 रन की मैच जिताऊ पारी खेलकर मुकाबला लगभग एकतरफा बना दिया। RR ने केवल 8.3 ओवर में 81 रन बनाकर 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज कर ली।
मैन ऑफ द मैच – शुभम राज गुप्ता (5 विकेट)

राजा बघवार का ऑलराउंड धमाका, KKR ने LSG को 18 रन से हराया
दिन के दूसरे मुकाबले में कुनकुरी नाइट राइडर्स (KKR) ने शानदार टीम प्रदर्शन करते हुए Kunkuri Super Giants (LSG) को 18 रन से शिकस्त दी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए KKR ने 9 ओवर में 85 रन बनाए। शिवलाल नागवंशी ने 28 रनों की आकर्षक पारी खेली, जबकि कप्तान राजा बघवार ने 26 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। LSG की ओर से सोभित, प्रिंस कुमार और सुनील राम ने 1-1 विकेट लेकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन KKR के बल्लेबाजों ने रन गति बनाए रखी।
86 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी LSG की टीम शुरुआत से दबाव में दिखी। कप्तान सोभित ने 15 रन और प्रिंस कुमार ने 21 रन बनाकर मैच में वापसी की कोशिश की, लेकिन KKR के गेंदबाजों ने लगातार सटीक गेंदबाजी करते हुए विपक्ष को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
कप्तान राजा बघवार ने गेंद से भी कमाल दिखाते हुए 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके। वहीं लक्ष्मण बेहरा ने बेहद किफायती गेंदबाजी करते हुए 2 ओवर में सिर्फ 6 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। LSG की टीम 9 ओवर में 67 रन ही बना सकी और KKR ने मुकाबला 18 रन से अपने नाम कर लिया।
मैन ऑफ द मैच – राजा बघवार (26 रन एवं 3 विकेट)

आयोजन समिति और मैच अधिकारियों की अहम भूमिका
KPL चैप्टर 4 के सफल आयोजन में चेयरमैन सीए बिनीत कुमार जिंदल, सचिव महेश त्रिपाठी एवं अध्यक्ष चेतन “चिंटू” गुप्ता लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। समिति सदस्य आशीष सिंह चंकी, विवेक बजाज, प्रकाश राणा, लिंकन केरकेट्टा, अर्जू नागेशिया एवं कानम आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। अंपायरिंग की जिम्मेदारी आशीष नायक, प्रीतम महंत, मयूर गर्ग, अभिषेक झा, अरविंद नांदे एवं सुधीर सिन्हा ने निभाई। कमेंट्री में सुनील राय, रवि चौहान, नितीश शर्मा, राहुल बजाज, राकेश सिंह, ओम गुप्ता एवं विनय संवाशी ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। स्कोरिंग का कार्य सारांश सिंह गन्नू एवं समीम शेख द्वारा किया गया।
KPL बना कुनकुरी का सबसे बड़ा क्रिकेट महोत्सव
KPL चैप्टर 4 में प्रतिदिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। क्रिकेट प्रेमियों की भारी भीड़ लगातार मैदान में पहुंच रही है। प्रतियोगिता में विजेता टीम को ₹1,00,000, उपविजेता को ₹51,000, तृतीय पुरस्कार ₹21,000 एवं चतुर्थ पुरस्कार ₹11,000 के साथ आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।

