कुनकुरी के KPL चैप्टर 4 में क्रिकेट का महासंग्राम—DC का एकतरफा दबदबा, PBKS की आखिरी ओवर तक चली जंग में शानदार जीत, चौकों-छक्कों की बारिश से गूंजा पूरा मैदान

कुनकुरी के KPL चैप्टर 4 में क्रिकेट का महासंग्राम—DC का एकतरफा दबदबा, PBKS की आखिरी ओवर तक चली जंग में शानदार जीत, चौकों-छक्कों की बारिश से गूंजा पूरा मैदान

कुनकुरी : नगर का खेल मैदान रविवार को एक बार फिर क्रिकेट के जुनून और रोमांच से गूंज उठा, जहां KPL चैप्टर 4 के लीग मुकाबलों ने दर्शकों को पूरी तरह बांधे रखा। हर गेंद पर बढ़ता उत्साह, हर चौके पर तालियों की गड़गड़ाहट और हर विकेट पर उठता शोर—पूरा माहौल किसी बड़े क्रिकेट महाकुंभ जैसा नजर आया। दिन के दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने ऐसा प्रदर्शन किया कि दर्शक आखिरी गेंद तक रोमांच में डूबे रहे।

पहला मुकाबला Kunkuri Capitals DC और Kunkuri Super Giants LSG के बीच खेला गया, जिसमें LSG ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 99 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। कप्तान सोभित ने 21 रन बनाकर पारी को संभाला, जबकि भारत बघेल ने मात्र 8 गेंदों में 25 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को तेज फिनिश दिलाया। लेकिन DC के गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए LSG को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया। आफताब अंसारी, छोटू निषाद और रविराज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट झटके।

जवाब में उतरी DC की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और मुकाबले को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। अरुण लकड़ा ने 19 गेंदों में नाबाद 42 रनों की तूफानी पारी खेली, जबकि कैश ने 16 गेंदों में 32 रन बनाकर तेज शुरुआत दिलाई। DC ने केवल 1 विकेट खोकर 9.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर 9 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। शानदार बल्लेबाजी के लिए अरुण लकड़ा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरा मुकाबला Kunkuri Kings PBKS और Kunkuri Titans GT के बीच खेला गया, जिसमें गेंद और बल्ले के बीच जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला। GT ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 82 रन बनाए। श्रीराम बघेल ने 23 रन और प्रदीप के. नांदे ने 20 रन का योगदान दिया, लेकिन PBKS के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी से रन गति को नियंत्रित रखा। डोलरिच और अभिमन्यु सेठ ने 2-2 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया।

83 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी PBKS की शुरुआत भले ही लड़खड़ा गई हो, लेकिन पंकज ने 34 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को संभाला। वहीं अरुण कुमार सन्यासी ने मात्र 9 गेंदों में नाबाद 23 रन ठोककर मैच का रुख पूरी तरह पलट दिया। PBKS ने यह मुकाबला 4 विकेट से जीतकर दर्शकों को रोमांच से भर दिया। पंकज को उनकी शानदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

आयोजन और व्यवस्था

KPL चैप्टर 4 का सफल संचालन KPL चेयरमैन CA बिनीत कुमार जिंदल, सचिव महेश त्रिपाठी एवं KPL 2026 अध्यक्ष चेतन “चिंटू” गुप्ता के नेतृत्व में किया जा रहा है। आयोजन समिति में आशीष सिंह, विवेक बजाज, प्रकाश राणा, राजा बघवार, लिंकन केरकेट्टा, अर्जू नागेसिया एवं कानम लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

मैचों में अंपायरिंग आशीष नायक, प्रीतम महंत, मयूर गर्ग, अभिषेक झा, अरविंद नांदे एवं सुधीर सिन्हा ने निभाई। कमेंट्री टीम सुनील राय, रवि चौहान, नितीश शर्मा, राहुल बजाज, राकेश सिंह, ओम गुप्ता एवं विनय संवाशी ने अपने जोशीले अंदाज से दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। स्कोरिंग का कार्य सारांश सिंह “गन्नू” एवं समीम शेख ने संभाला।

प्रतियोगिता में विजेता टीम को ₹1,00,000, उपविजेता को ₹51,000, तृतीय स्थान को ₹21,000 एवं चतुर्थ स्थान को ₹11,000 के साथ आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा “मैन ऑफ द मैच” पुरस्कार साक्षी वस्त्रालय (राहुल गुप्ता) के सौजन्य से, “ऑरेंज कैप” नमोकार मोबाइल द्वारा तथा “मैन ऑफ द सीरीज” पुरस्कार संतोष गुप्ता द्वारा ₹3000 एवं ट्रॉफी के रूप में दिया जाएगा।

Exclusive Jashpur