“सुरक्षित सफर–सुरक्षित जीवन” : जशपुर पुलिस का जिले भर में महाअभियान, हेलमेट, सीट-बेल्ट एवं यातायात नियमों के पालन का दिया गया संदेश.
अलग-अलग थाना-चौकी क्षेत्रों में निकली हेलमेट जागरूकता बाइक रैली, सड़क सुरक्षा को लेकर हजारों लोगों को किया गया जागरूक.
शराब पीकर वाहन चलाने एवं तेज रफ्तार पर रोक लगाने की अपील.
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में चल रहा विशेष जनजागरूकता अभियान.
जशपुर : डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन बनाने की दिशा में बड़ा अभियान चलाया जा रहा है। “सुरक्षित सफर–सुरक्षित जीवन” थीम पर जिले भर में निकाली गई हेलमेट जागरूकता बाइक रैली के माध्यम से हजारों लोगों को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस का यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों में जिम्मेदार वाहन संचालन की भावना विकसित करने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।
जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 16 मई 2026 को क्रमशः जिले के थाना बागबहार, कांसाबेल, तुमला, लोदाम, आस्ता,एवं चौकी ऊपरकछार, पंडरापाठ, मनोरा, कोतबा, करडेगा तथा दिनांक 17 मई 2026 को थाना सन्ना, बगीचा, नारायणपुर, फरसाबहार व चौकी सोनक्यारी क्षेत्रांतर्गत हेलमेट जागरूकता बाइक रैली निकाल कर लोगों को यातायात नियमों के पालन हेतु प्रेरित किया गया।
रैली के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आम नागरिकों के साथ हेलमेट पहनकर बाइक रैली निकाली तथा आमजन को यह संदेश दिया कि “सुरक्षा ही सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।” अभियान के माध्यम से दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, ओवर स्पीड से बचने एवं सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों की संख्या में कमी लाना एवं लोगों में जिम्मेदार यातायात व्यवहार विकसित करना है।
जशपुर पुलिस ने नागरिकों को जागरूक करते हुए कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय की गई एक छोटी सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है। व्यक्ति का जीवन केवल उसका अपना नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार की जिम्मेदारी से जुड़ा होता है। हेलमेट एवं सीट बेल्ट जैसे सुरक्षा उपाय दुर्घटना के दौरान गंभीर चोट एवं जानमाल के नुकसान से बचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होते हैं।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षित वाहन संचालन, संयमित गति एवं यातायात नियमों के पालन का संकल्प भी दिलाया। जशपुर पुलिस द्वारा यह स्पष्ट किया गया कि सड़क सुरक्षा एवं जनजागरूकता का यह विशेष अभियान जिले भर में लगातार जारी रहेगा।

